अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। विजिलेंस टीम ने उल्दन के गांव नौटा में बिजली चोरी का हाईप्रोफाइल मामला पकड़ा। यहां 11केवी हाईटेंशन लाइन से 25केवी ट्रांसफार्मर जोड़कर दिनरात ऑयल स्पेलर, चक्की, एसी आदि चलाई जा रही थी। मामला बड़े लोगों से जुड़ा होने की वजह से कुछ ही देर में लखनऊ से अफसरों के फोन घनघनाने लगे। देर रात मामला गले की फांस बनता देख थाना एंटी पावर थेफ्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
बिजली निगम की विजिलेंस टीम को सूचना मिली थी कि उल्दन थाने के नौटा में लंबे समय से बड़े पैमाने पर बिजली चोरी हो रही है। बृहस्पतिवार को एसडीओ अनमोल प्रताप, अवर अभियंता विक्की शर्मा 33केवी उपकेंद्र टहरौली, रमेश चंद्र अवर अभियंता प्रवर्तन दल, एसआई प्रमोद कुमार, मुख्य आरक्षी आलोक कुमार, शिवनारायण, वीर सिंह, कृष्ण कुमार कुमार, शोलेन्द्र कुमार आदि मौके पर पहुंचे। टीम ने बिजली चोरी के साक्ष्य वीडियो में कैद किए। छापा मारा तो पता चला कि अमित कुमार निवासी गांव हाटी थाना उल्दन द्वारा बिना कनेक्शन लिए सीधे 11केवी लाइन के नीचे 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली चोरी की जा रही है।
ट्रांसफार्मर की एलटी लाइन से सिंगल कोर केबल से परिसर में चेंजओवर लगा रखा था, जिससे चक्की व ऑयल स्पेलर चलते थे। ट्रांसफार्मर की एलटी केबल जोड़कर परिसर में एसी चलाए जा रहे थे। मौके पर सोलर पैनल लगा मिला, मगर उससे बिजली का उपयोग होते नहीं मिला। टीम ने केबल और 25केवी ट्रांसफार्मर कब्जे में लेकर उपकेंद्र टहरौली में जमा कराया। मामला हाईप्रोफाइल होने से अफसर भी कार्रवाई से बचते रहे। देर रात मामला मीडिया तक पहुंचने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
-
बिजली निगम को लाखों रुपये प्रतिमाह की चपत
झांसी। बिजली निगम के अफसरों का कहना है कि गांव नौटा में पकड़ी गई चोरी जिले में अब तक की सबसे बड़ी बिजली चोरी है। यहां सीधे 11केवी हाईटेंशन लाइन से ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। इससे बिजली निगम को लाखों रुपये प्रतिमाह की चपत लग रही थी। ब्यूरो
-
जिले में औसतन 42 फीसदी लाइन लॉस
तमाम प्रयास के बावजूद जिले में लाइन लाॅस (बिजली चोरी) का आंकड़ा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अधीक्षण अभियंता (शहरी) चंद्रजीत प्रसाद ने बताया कि उनके क्षेत्र में करीब 38 फीसदी लाइन लॉस है, जिसे रोकने के लिए लगातार जांच कराई जा रही है। अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) के. अग्रहरि ने बताया कि उनके क्षेत्र में 44 फीसदी लाइन लॉस है। इस तरह जिले में औसतन 42 फीसदी लाइन लॉस है।
- नौटा गांव में 11केवी हाईटेंशन लाइन से अवैध तरीके से 25केवी का ट्रांसफार्मर जोड़कर ऑयल स्पेलर, चक्की और एसी चलाने का मामला पकड़ में आया है। ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली चोरी करने का जिले में यह पहला मामला है।
- सैयद अब्बास रिजवी, मुख्य अभियंता, बिजली विभाग