संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। जनपद में बनाए गए वाहन फिटनेस सेंटर पर अवैध वसूली का खेल प्रकाश में आया है। झांसी ट्रक वेलफेयर एसोसिएशन ने एक गाड़ी से फिटनेस ओके करने के नाम पर 4 हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने एआरटीओ से इसकी जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई है। इस पर रोक न लगे तो हड़ताल की चेतावनी दी है।परिवहन विभाग में फिटनेस जांच का अधिकार पूर्व में विभाग के पास था। यहां भी फिटनेस जांच के नाम पर अवैध वसूली व अन्य भ्रष्टाचार की शिकायतें आती रहती थीं। विभाग ने इसमें पारदर्शिता लाने के लिए यह कार्य प्राइवेट सेक्टर को सौंप दिया और दावा किया कि यहां फिटनेस ठीक ढंग से होगी, लेकिन यह दावे फेल नजर आ रहे हैं।झांसी ट्रक वेलफेयर एसोसिएशन ने शिकायत करते हुए बताया कि प्रति गाड़ी से 4-5 हजार रुपये की वसूली की जा रही है। वाहन मालिक पैसे नहीं देता है तो उसके वाहन में कमी दिखाकर फिटनेस फेल कर दिया जाता है। बताया कि यह पैसे एक पेट्रोल पंप के बार कोड में लिए जा रहे हैं। कोडवर्ड बताकर यह वसूली की जा रही है। यदि इसकी जांच कराई जाए तो मामला खुद व खुद स्पष्ट हो जाएगा। शिकायती पत्र पर अध्यक्ष बहादुर सिंह परिहार, उपाध्यक्ष हेमंत राय, कोषाध्यक्ष शफीक खान, मीडिया प्रभारी रामनरेश यादव, सदस्य साकेत चतुर्वेदी के हस्ताक्षर हैं।