संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बगैर रवन्ना खनिज सामग्री ढोने वाले वाहनों के खिलाफ विभाग ने शिकंजा कसा है। जुलाई में चेकिंग के दौरान 65 वाहनों को सीज करते हुए 40 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया है।
खनिज विभाग की तमाम बंदिशों के बाद भी सड़कों पर बगैर रवन्ना लिए खनिज वाहन फर्राटा भर रहे हैं। इनकी जांच के लिए विभाग की ओर से चेक गेट लगाए गए हैं, चेकिंग के दौरान पकड़ा भी जा रहा है। लेकिन इनमें सुधार होता नहीं दिख रहा है। ऐसे में जुलाई में इन वाहनों की धरपकड़ के लिए जिलाधिकारी मृदुल चौधरी के निर्देश पर खनिज विभाग ने अभियान चलाया। खान अधिकारी आरपी सिंह व उनकी टीम ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे वाहनों की जांच की। जांच के दौरान कुल 65 वाहनों को सीज किया गया। इनमें ओवरलोड व बगैर रवन्ना होने पर कार्रवाई की गई। वाहनों पर की कार्रवाई से विभाग को करीब 40 लाख रुपये का राजस्व भी प्राप्त हुआ। जिला खान अधिकारी ने बताया कि अवैध खनन व परिवहन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा। अभियान लगातार जारी रहेगा, यदि कोई भी वाहन नियमविरुद्ध मिलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद