झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई की नगरी 16 जून से क्रिकेट की खुमारी में डूबेगी। क्रिकेट प्रेमियों को डे-नाइट इंडियन ग्रामीण क्रिकेट लीग में चौके-छक्कों के मनोरंजन के साथ-साथ 1983 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम के सदस्यों के अलावा बॉलीवुड सितारों से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
ध्यानचंद स्टेडियम में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में आईजीसीएल के चेयरमैन डा. अनुराग भदौरिया ने बताया कि सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान में आयोजित लीग का उद्घाटन 16 जून की शाम पांच बजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव करेंगे। मुख्यमंत्री के समापन कार्यक्रम में भी शामिल होने की संभावना है। आईपीएल की तर्ज पर लीग का उद्घाटन भी रंगारंग होगा। इसमें बॉलीवुड के गायक महालक्ष्मी अय्यर, अंकित तिवारी सहित क ई नामी कलाकार प्रस्तुति देंगे। वहीं, टूर्नामेंट में वर्ल्ड कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव एवं मदन लाल के भी शामिल होने की संभावना है।
डा. भदौरिया ने प्रतियोगिता की तैयारियों पर बातचीत करते हुए बताया कि झांसी में पहली बार हो रही डे-नाइट लीग में टेनिस बाल क्रिकेट को बढ़ावा दिया जा रहा है। कपिल देव की कंपनी द्वारा रेलवे इंस्टीट्यूट के मैदान में लाइट लगाई जारही है, जो बाद में ध्यानचंद स्टेडियम में लगेगी। प्रतियोगिता में बुंदेलखंड के विभिन्न जिलों की 32 टीमें हिस्सा लेंगी। यह टूर्नामेंट नाक आउट होगा और प्रत्येक मैच 15-15 ओवर का होगा।15 दिवसीय टूर्नामेंट में प्रतिदिन तीन मैच होंगे जबकि शुभारंभ वाले दिन दो मैच खेले जाएंगे। विजेता टीम को तीन लाख रुपये, उप विजेता को दो लाख तथा तीसरे व चौथे नंबर पर आने वाली टीमों को 50-50 हजार रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। वहीं प्रत्येक खिलाड़ी को क्रिकेट किट एवं ड्रेस दी जाएगी।