फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बॉलीवुड और क्रिकेट हुई की हुई जुगलबंदी

Wed, 17 Jun 2015 01:38 AM IST
ब्यूराे/अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। मंगलवार की शाम सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट का विशाल मैदान क्रिकेट और बॉलीवुड की जुगलबंदी में  रंगा नजर आया। बॉलीवुड के गायकों ने जहां अपनी आवाज का जादू बिखेरा, तो सितारों ने भी खूब समां बांधा। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर आए प्रतिभावान क्रिकेटरों ने अपने खेल का शानदार प्रदर्शन किया।
विज्ञापन




पिछले दो माह से बुना जा रहा इंडियन ग्रामीण क्रिकेट लीग (आईजीसीएल) का तानाबाना मंगलवार की शाम साकार रूप में दिखा। पवेलियन दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था। अंधेरे को मात देतीं फ्लड लाइट की दूधिया रोशनी के बीच मैदान में मौजूद थे विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आईं 64 टीमों के खिलाड़ी। अतिथियों के अभिवादन का दौर शुरू था। इसी बीच मैदान में  फिल्मी सितारे सोनू सूद, तौसीफ - आरिफ, सोनल चौहान व सोनू कक्कड़ इन्ट्री हुई। इसके साथ ही दर्शकों में उत्साह भर गया। फिल्मी हस्तियों की एक झलक पाने को दर्शक बेताब नजर आए। सितारों ने भी दर्शकों को निराश नहीं किया। हाथ हिलाकर सब का अभिवादन किया। कार्यक्रम की शुरुआत में आईजीसीएल के चेयरमैन डा. अनुराग भदौरिया ने बताया कि आईजीसीएल में पहले 32 टीमों को खिलाने की तैयारी थी, परंतु उत्साह का आलम यह रहा कि मैदान में 64 टीमें जमा हैं।



आईजीसीएल के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल के प्रदर्शन का मौका मिलेगा। तदुपरांत, बॉलीवुड हस्तियों ने मंच संभाला। सोनू कक्कड़ ने अपना प्रसिद्ध गीत बाबूजी जरा धीरे चलो... से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई गाने सुनाए। तौसीफ आरिफ भाइयों ने तुझे सांसों में भर लूं..., तू आजा मेरे माही... सुनाकर दर्शकों को झूमने को मजबूर कर लिया। तौसीफ आरिफ भाइयों के साथ अभिनेत्री सोनल चौहान ने भी जुगलबंदी की। सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र दबंग फिल्म के विलेन की भूमिका अदा कर पहचान बनाने वाले सोनू सूद रहे। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आईजीसीएल छिपे हुए हुनर को छपवाने का अवसर है। खिलाड़ी अपनी जीत के लिए जी जान से कोशिश करें। अभिनेत्री सोनल चौहान ने आईजीसीएल को खेल की दुनियां में बढ़ाया गया बड़ा कदम बताया। तदुपरांत, मुख्य अतिथि सांसद धर्मेंद्र यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट की विधिवत शुरुआत की। पहला मैच सागर क्रिकेट टीम व तेंदाल क्रिकेट टीम के बीच खेला गया।
विज्ञापन




इस मौके पर सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव, विधायक दीपनारायण सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष सुदेश पटेल, मंडलायुक्त के राम मोहन राव, जिलाधिकारी अनुराग यादव, डीआरएम एस के अग्रवाल, एसएसपी किरण एस समेत  यूपी क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा, जिला क्रिकेट संघ के सचिव बृजेंद्र यादव, फुटबाल संघ के अब्दुल सगीर, रेलवे इंस्टीट्यूट के सचिव अशोक सेन पाली, आशुतोष शर्मा, व्यापारी नेता संजय पटवारी, संतोष साहू, चौ. फिरोज आदि मौजूद रहे। जबकि, आयोजन में राकेश बघेल, डा. रोहित पांडेय व राजीव राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संचालन माउंट लिट्रा जी स्कूल की प्रधानाचार्य शिवा द्विवेदी ने किया।

लाठी भांज कर संभाली स्थिति
झांसी। बॉलीवुड सितारों की परफोरमेंस के दौरान दर्शकों में उत्साह का आलम रहा। पुलिस के कड़े पहरे के बाद भी सैकड़ों की संख्या में दर्शक बॉलीवुड मंच के करीब पहुंच गए। हालांकि, उन्हें वहां से कई बार हटाया गया। लेकिन, बार - बार वह सितारों के नजदीक पहुंच गए। आखिरकार पुलिस को हवा में लाठियां भांज दर्शकों को मैदान से हटाना पड़ा।

मोबाइल में कैद करने की रही होड़
झांसी। फिल्मी सितारों के मैदान में पहुंचते ही उन्हें मोबाइल में कैद करने की होड़ सी लग गई। खासतौर पर युवा आगे जाकर वीडियो क्लिपिंग बनाने में जुटे हुए थे। पुलिस की मौजूदगी के बाद भी तमाम युवा मंच तक पर पहुंच गए। उन्होंने ऑटोग्राफ लिए व सितारों के साथ फोटो खिंचवाईं।

नेताओं की चमक पड़ी फीकी
झांसी। आमतौर पर भीड़ से घिरे रहने वाले नेताओं की चमक बॉलीवुड सितारों के आगे फीकी रही। नेताओं की जगह लोगों का ध्यान बॉलीवुड सितारों पर रहा। कोई सितारों के साथ फोटो खिंचाने को बेताब दिखा, तो ऑटोग्राफ लेने में भी लोग पीछे नहीं रहे।

इनामों की होगी बारिश
झांसी। आईजीसीएल की विजेता व उप विजेता टीम पर पुरस्कारों की बारिश होगी। आईजीसीएल की ओर से विजेता टीम को तीन लाख व उप विजेता को दो लाख दिए जाएंगे। जबकि, तीसरे व चौथे नंबर पर आने वाली टीमों को पचास - पचास हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा शुभारंभ के अवसर पर सांसद चंद्रपाल सिंह यादव ने कृभको की ओर से विजेता टीम को एक लाख व उप विजेता को पचास हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह यादव ने विजेता टीम को दो लाख व उप विजेता को एक लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं, मंच से घोषणा की गई कि आर्मी की ओर से विजेता टीम को टैंक पर घुमाया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें