झांसी। एनकाउंटर के आंकड़ों में दूसरे राज्यों से काफी आगे चल रहे यूपी में पुलिस मुठभेड़ की संख्या और बढ़ सकती है। अब यूपी पुलिस भी दुष्कर्मियों में खौफ पैदा करने के लिए कड़ा एक्शन लेने की तैयारी में है। शासन ने भी पुलिस अधिकारियों से साफ कह दिया है कि अपराधियों के साथ सख्ती के साथ निपटा जाए। शनिवार को झांसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों से दो टूक कहा है कि अगर महिला सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही हुई तो अफसर बख्शे नहीं जाएंगे। इस तरह का माहौल बनाएं जिससे अपराधियों में खौफ पैदा हो।
उत्तर प्रदेश में बढ़ते क्राइम और महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों से सरकार पर उंगली उठने लगी है। उन्नाव की घटना के बाद विपक्षियों ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। पिछले एक सप्ताह में महिला अपराध की कुछ ऐसी वारदातें हुईं हैं जिससे भय का माहौल पैदा हो गया। सरकार की किरकिरी हो रही है। इन हालातों में सरकार के करीबी माने जाने वाले कुछ रिटायर पुलिस अधिकारियों ने एक रिपोर्ट बनाई है जिनमें वह केस रखे गए हैं जहां एनकाउंटर के बाद अपराधियों में दहशत पैदा हुई थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि सामान्य गिरफ्तारी की तुलना में जहां भी दुष्कर्मी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है वहां अपराधियों में खौफ पैदा हुआ है। एक मैसेज गया है। शनिवार को झांसी में कानून व्यवस्था की समीक्षा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अफसरों को निर्देश दिए कि अपराधियों से सख्ती के साथ निपटा जाए। बुंदेलखंड में बढ़ते महिला अपराधों पर चिंता जताते हुए सीएम ने कहा कि लापरवाह अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। दुष्कर्म पीड़िताओं को सुरक्षा देने के भी निर्देश दिए गए।
झांसी। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध के मामले सबसे ज्यादा दर्ज हुए हैं। 2015 में दर्ज अपराधों की संख्या 35908 थी लेकिन अब 57 हजार से भी ऊपर पहुंच गई है। तेजी के साथ बढ़ते अपराधों ने सरकार को भी बेचैन कर दिया है।