तीसरी लहर अगर आई तो ऑक्सीजन की नहीं होगी कमी, दो प्लांट शुरू
झांसी। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए हो रहे प्रयासों का असर दिखने लगा है। रविवार को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट शुरू कर दिए गए। खास बात रही कि डीआरडीओ की तरफ से जल्दी प्लांट उपलब्ध करा देने की वजह से मेडिकल कॉलेज में समय से 11 दिन पहले प्लांट चालू हो गया।
कोरोना की दूसरी लहर में कुछ दिनों के लिए ऑक्सीजन की किल्लत हो गई थी। लोग ऑक्सीजन का सिलिंडर लेने के लिए भागदौड़ कर रहे थे। अगस्त-सितंबर में कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका जताई जा रही है। इसके लिए सरकार ने प्रदेश के हर जिले समेत झांसी में मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल समेत दस चिकित्सा इकाइयों में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना की मंजूरी दी। रविवार को विधि विधान से पूजन के बाद जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज में प्लांट का लोकार्पण हो गया। इस दौरान सदर विधायक रवि शर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन गैस प्लांट पीएम केयर द्वारा स्वीकृत किया गया है, जिसे डीआरडीओ ने स्थापित किया है। मेडिकल कॉलेज में स्थापित प्लांट की क्षमता 1000 लीटर प्रति मिनट और जिला अस्पताल में लगे प्लांट की क्षमता 850 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन सप्लाई करने की है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, डीएम आंद्रा वामसी, सीडीओ शैलेष कुमार, एडी हेल्थ डॉ. अर्चना बरतारिया, डॉ. एनएस सेंगर, डॉ. अंशुल जैन, डॉ. हरीशचंद्र आर्या, डॉ. नीरज बनौरिया, डॉ. आनंद चौबे मौजूद रहे।