संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मध्य प्रदेश के डबरा में श्रीनवग्रह शक्तिपीठ की चल रही प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान शनिवार को प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास पहुंचे। उन्होंने अपने-अपने राम के तहत कथा व कविताएं सुनाकर खूब गुदगुदाया। एक दृष्टांत सुनाते हुए कहा कि अगर चौराहे पर कोई आपकी माता या पत्नी को धक्का देता है तो उसकी गिरेबान पकड़ना लाजिमी है, क्योंकि यह काम उसने जानबूझकर किया है। इसका जवाब देना जरूरी है।
इसके अलावा उन्होंने श्री रामचरितमानस समेत अन्य ग्रंथों के उदाहरण देते हुए कथा सुनाई। शनिवार दोपहर बाद से शुरू हुई कथा के दौरान उन्होंने जमकर तालियां बटोरीं। डॉ. कुमार विश्वास 15 और 16 फरवरी को भी भक्तों को गुदगुदाएंगे। इस दौरान मप्र के विधानसभाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, लहार के पूर्व विधायक डॉ. गोविंद सिंह समेत कई नेता और अन्य लोग डबरा पहुंचे। उन्होंने नवग्रह शक्तिपीठ में चल रहे आयोजन की सराहना की। यह समारोह मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा आयोजित है। मंदिर के निर्माण में 14 साल लगे हैं।