संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए बिजली विभाग ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने की योजना बनाई है। मीटर लगाने का जिम्मा जीनस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को सौंपा गया है। आधुनिक तकनीक से बनाए गए स्मार्ट प्रीपेड मीटर से छेड़छाड़ करना संभव नहीं होगा इसके लिए बिजली विभाग के कार्यालय में कंट्रोल रूप स्थापित किया जाएगा। छेड़छाड़ होते ही कंट्रोल रूम में लगा अलार्म बजने लगेगा।
शहर में लगभग डेढ़ लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगे हुए हैं। प्रीपेड की व्यवस्था शुरू करने के साथ ही बिजली चोरी पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए विद्युत विभाग की ओर से स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने की योजना तैयार की गई है। योजना के तहत बिजली विभाग के मुख्यालय से जीनस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी काे टेंडर भी दिया गया है। कंपनी द्वारा अगले महीने से सर्वे शुरू कर दिया जाएगा। स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के बाद कंपनी द्वारा कार्यालय में मास्टर कंट्रोल रूम को स्थापित किया जाएगा। आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहर के किसी भी क्षेत्र में मीटर से छेड़छाड़ होने पर कंट्रोल रूम में अलार्म बजने लगेगा। इसके साथ ही कंट्रोल रूम में लगे डिस्प्ले पर मीटर से छेड़छाड़ वाले स्थान को भी दर्शाया जाएगा। जिसके चलते विभागीय टीम तुरंत ही छेड़छाड़ वाले स्थान पर पहुंच कर कार्रवाई कर सकेगी। मीटर परीक्षण खंड के अधिशासी अभियंता रविंद्र बाबू चौधरी ने बताया की प्रीपेड मीटर लगाने की जिम्मेदारी जीनस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को सौंपी गई है। कंपनी के कर्मचारियों द्वारा अगले माह से सर्वे शुरू कर दिया जाएगा।