झांसी। पूंछ कस्बा निवासी नसरुद्दीन की 2 माह की बच्ची रिया को दो दिन पहले उसकी मां रिजवाना ने ही दर्दनाक मौत दी थी। उसने इस बेटी को नौ महीने अपनी कोख में पाला था। लेकिन कड़कड़ाती ठंड में बच्ची को नाले में जिंदा फेंकते वक्त उसके हाथ तक नहीं कांपे। उल्टा उसने ही बच्ची के लापता होने का नाटक रचा। खुलासा हुआ तो पता चला कि वह बेटी होने से दुखी थी, इस कारण उसने बच्ची को मार डाला। इस बेटी को अपने पालनहार के हाथों से मिली मौत का ये सच कोई नई बात नहीं है। झांसी और ललितपुर में मां-बाप के हाथों न जाने कितनी बेटियां मारी जा चुकी हैं।
यहां कभी मां ने तो कभी पिता ने बेटियों की जान ली है। कितने ऐसे केस हैं, जिसमें कभी जन्म लेने से पहले ही कोख में बेटियों का दम घोंट दिया गया तो कभी उनके भ्रूण कूड़े-कचरे में कुत्तों का निवाला बनने के लिए फेंक दिए गए। बेटियां मां-बाप की गोद में भी सुरक्षित नहीं हैं, शायद तभी शहर के शिशु विहार में भी लड़कियों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं, पिछले दो सालों में झांसी और आसपास 20 कन्या भ्रूण मिल चुके हैं।
फोटो
शिशु विहार में 23 बच्चों में 19 लड़कियां
झांसी। ईसाई टोला में स्थित शिशु विहार में इन दिनों 23 बच्चों में 19 लड़कियां हैं। यहां इन बच्चियों को उनके अपने ही छोड़ गए थे। लेकिन संस्था इन्हें आश्रय देकर इनकी देखभाल कर रही है। संस्था की ओर से भवन परिसर के बाहर एक पालना भी लगाया गया है। कई लोग यहां बच्चियों को छोड़ चुके हैं। ब्यूरो
आंकड़ों में घट रहा बेटा-बेटी का अंतर, फिर भी फेंकी जा रहीं बेटियां
वर्ष 2001 की जनगणना के अनुसार झांसी में प्रति एक हजार लड़कों के मुकाबले 886 लड़कियां थीं। वर्ष 2011 में यह आंकड़ा 859 पहुंच गया था। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-5 के अनुसार वर्तमान में प्रति एक हजार लड़कों के मुकाबले अब 927 लड़कियां हैं। जबकि पांच साल पहले यह आंकड़ा 915 था। ऐसे में आंकड़ों में अब बेटा-बेटी का अंतर घट रहा है लेकिन वास्तविकता यह है कि बेटियां कहीं मारी जा रहीं तो कहीं उनके भ्रूण सड़कों पर फेंके जा रहे हैं।
---
मां-बाप ने ले ली अपनी बेटियों की जान
12 जुलाई 2022 : ललितपुर में जखौरा के ग्राम मुहारा में तीन बच्चों के साथ महिला राजकुमारी कुएं में कूद गई थी। इसमें बच्ची ज्योति (7), राखी (5) और सूर्यांश की मौत हो गई थी। जबकि महिला अपनी जान बचाने के लिए कुएं में घंटों लटकी रही।
25 सितंबर 2021 : मऊरानीपुर के ग्राम धौर्रा में 13 साल की बच्ची की पिता बल्लू प्रजापति ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी। बच्ची पिता के प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही थी।
29 अगस्त 2021: गुरसराय के मोहल्ला कटरा में किराए के मकान में रहने वाले बीड़ी कारोबारी अमित शुक्ला ने दूसरी पत्नी को खुश करने के लिए 13 साल की बेटी खुशी का गला दबाने के बाद उसे जमीन पर पटक कर मार डाला था।
30 नवंबर 2019 : प्रेमनगर थाना इलाके के राजगढ़ में वीरू नगर निवासी बीरबल ने अपनी एक माह की बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
22 अक्तूबर 2019 : ललितपुर में एक कुएं में एक महिला चार बच्चों के साथ कूदी थी। उसकी पहचान मदनपुर के ग्राम उल्दनाखुर्द की विमला देवी के रूप में हुई थी। हादसे में सात साल की बेटी आरुषि, चार साल की नैंस, दो साल की जुड़वा रोशन और भूरी की मौत हो गई थी।
13 नवंबर 2018 : ललितपुर के बानपुर में वीर गांव में पिता छदामी कुशवाहा ने सो रहीं तीन बेटियों अंजलि (10), राधिका (07) और पुत्तू (04) के सिर पर हथौड़े से वारकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था। उसने राधिका और पुत्तू को जिंदा देखकर उन्हें मिट्टी का तेल डालकर आग में जला दिया था।
10 मार्च 2017 : 15 माह की बेटी को उसके पिता बृजेंद्र यादव उर्फ मुक्की ने पानी की बाल्टी में डुबोकर मार डाला था। वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था।
-----------
जगह-जगह फेंके गए कन्या भ्रूण, कुत्तों का भी निवाला बने
12 नवंबर 2022 : वीरांगना नगर में सात-आठ माह की बच्ची को रुई में लपेटकर फेंका गया था। लोगों ने शव को कुत्तों के मुंह से छुड़ाकर पुलिस को जानकारी दी थी।
25 अगस्त 2022 : मोंठ थाना क्षेत्र के अशोक नगर में नाली में छह माह का कन्या भ्रूण मिला था। कोई रात के अंधेरे में फेंक गया था।
29 नवंबर 2021 : नवाबाद क्षेत्र की मंडी पुलिस चौकी के पास कोई पॉलिथीन में तीन कन्या भ्रूण कूड़ेदान के पास फेंक गया था।
06 फरवरी 2021: ललितपुर के जखौरा के ग्राम पुनियांखेरा में गेहूं के खेत में कन्या भ्रूण मिला था। इससे दो वर्ष पहले यहां मोहल्ला सदनशाह चौराहे के नहर में एक कन्या भ्रूण मिला था।
05 दिसंबर 2020 : एरच के ग्राम बेना सुरवई में नवजात बच्ची को कपड़े में सड़क पर फेंका था। उसका रोना सुनकर लोगों ने उसे उठाया। मेडिकल कॉलेज में बच्ची ने दम तोड़ दिया था।