- थाने से लौटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नवाबाद थाना इलाके में पत्नी से चल रहे विवाद के बीच पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। थाने से लौटने के बाद उसने यह कदम उठाया। दोनों ने पंद्रह साल पहले प्रेम विवाह किया था। लेकिन, अब महिला किसी दूसरे से प्रेम करने लगी थी और उसी के साथ रहना चाहती थी। इसे लेकर आए दिन दोनों के बीच विवाद होता था। इसी के चलते पति ने आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि, पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
जालौन जिले के थाना कोेटरा इलाके का रहने वाला सुनील फिलहाल नवाबाद थाना इलाके के गुमनावारा में परिवार के साथ रह रहा था। तकरीबन पंद्रह साल पहले उसने रानीपुर की रहने वाली एक युवती से प्रेम विवाह किया था। तब स्थिति यह थी कि युवती के परिवार वालों के शादी के लिए राजी न होने पर सुनील ने हेयर डाई का सेवन कर लिया था। इसके बाद दोनों की शादी हो गई थी। उनके 14 साल का बेटा और पांच साल की बेटी है। पत्नी ने बताया कि सुनील एक व्यक्ति की कार चलाता था। जबकि, वह मेडिकल कॉलेज के पास रोटी बनाने का काम करती है। पति अक्सर शराब पीकर उसे और बच्चों को बुरी तरह पीटता था। इसे लेकर पिछले दो साल से झगड़ा हो रहा था। इसी बीच उसकी एक युवक से दोस्ती हो गई थी और अब वह उसी युवक के साथ रहना चाहती है। इसी को लेकर पति झगड़ा कर रहा था। महिला ने बताया कि पिछले दो-तीन सप्ताह से वह घर पर नहीं रह रही थी। पति द्वारा की जाने वाली मारपीट की शिकायत महिला थाने में की थी। बृहस्पतिवार को दोनों को पुलिस ने थाने में बुलाया था। महिला ने बताया कि चूंकि वह पति से अलग रहना चाहती थी, ऐसे में पुलिस ने न्यायालय में जाने के लिए कहा था। थाने से दोनों एक ही ऑटो में बैठकर मेडिकल के गेट नंबर एक तक आए। यहां उतरकर पति शराब की दुकान के अंदर चला गया था। वह यह कहता हुआ गया था कि घर आने पर वह उसे देख लेगा। लेकिन, पति की बात को नजरअंदाज कर रोटी बनाने चली गई थी। जिसके यहां वह रोटी बनाने का काम करती थी, शाम को पति ने उसे फोन लगाकर कहा कि पत्नी से कह दो कि वह मर रहा है। इसके आधा घंटे बाद पता चला कि सुनील ने फांसी लगा ली। सूचना पर अन्य लोगों के साथ जब वह मौके पर पहुंची तो पति कमरे के अंदर पंखे के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।