झांसी। ग्वालियर रोड पर अतिक्रमणरोधी अभियान के दौरान जमकर हंगामा हुआ। रैंप तोड़ने को लेकर व्यापारियों एवं निगम अधिकारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। पुलिस के दखल के बाद अभियान किसी तरह आगे बढ़ा। इस दौरान दस्ते ने एक प्रतिष्ठान का सड़क पटरी पर रखे जेनरेटर को भी जब्त कर लिया। दस्ते ने यहां आधा दर्जन रैंप भी तोड़ दिए।
अतिक्रमण प्रभारी की अगुवाई में बीकेडी चौराहे से नगर निगम दस्ते ने अभियान शुरू किया। दस्ते को देखते ही पटरी दुकानदारों के बीच खलबली मच गई। पटरी दुकानदार अपनी दुकानें लेकर इधर-उधर भागने लगे। बीकेडी चौराहे के आगे ही कुछ लोगों ने फुटपाथ की जगह घेरकर रैंप बनाए थे। रैंप तोड़ने को लेकर यहां हंगामा शुरू हो गया। लोग निगम दस्ते का विरोध करने लगे। नोकझोंक की वजह से काफी देर कार्रवाई थमी रही। पुलिस के पहुंचने पर कार्रवाई किसी तरह आगे बढ़ी। थोड़ा आगे फुटपाथ पर जेनरेटर रखा था। इसे जब्त करके नगर निगम ले जाया गया। कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन रैंप के अलावा एक दर्जन पटरी दुकानें भी नष्ट की गई।
सुभाषगंज में जब्त की गई प्रतिबंधित पॉलिथीन
प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ कार्रवाई के लिए अपर नगर आयुक्त शादाब असलम की अगुवाई में निगम दस्ता मंगलवार शाम सुभाषगंज पहुंच गया हालांकि साप्ताहिक अवकाश होने से यहां अधिकांश दुकानें बंद थीं। निगम अमले को देख वहां व्यापारी भी एकत्रित होने लगे। कुछ दुकानें जो खुली हुई थीं, उसके तमाम दुकानदार अपनी दुकानों में ताला बंद करके भाग खड़े हुए। व्यापारियों के विरोध को देखते हुए थोड़ी देर में कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में दस्ते ने अभियान शुरू किया। इस दौरान ऋतिक पुत्र मुकेश के गोदाम से करीब 28 किलो थर्माकोल, ग्लास, कप एवं पॉलिथीन बरामद हुआ। आसपास की दुकानों से भी दस्ते ने जुर्माना वसूला। अपर नगर आयुक्त के मुताबिक अभियान के दौरान 25 हजार जुर्माना वसूला गया।