झांसी कोतवाली थाना इलाके में लक्ष्मी तालाब कुंड के पास प्लास्टिक की बोरी में मानव खोपड़ी मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खोपड़ी के माथे पर खून का टीका और सिंदूर लगा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोपड़ी को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि कुंड के पास कूड़ा इकट्ठा किया जाता है। यहां रोजाना की तरह कुछ बच्चे पन्नी और प्लास्टिक की बोतलें बीनने पहुंचे थे। इसी दौरान एक लड़की ने बोरी खोली तो उसमें मानव खोपड़ी दिखाई दी। यह देखकर वह डर गई और मौके से भाग गई।
स्थानीय पार्षद राहुल कुशवाहा समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने खोपड़ी पर खून का टीका और सिंदूर लगे होने के कारण तंत्र-मंत्र से जुड़ा होने की आशंका जताई है।