झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र में काली मंदिर से करीब पचास मीटर दूर लक्ष्मी तालाब कुंड के पास प्लास्टिक की बोरी में मानव खोपड़ी मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खोपड़ी के माथे पर लाल रंग से टीका समेत सिंदूर लगा मिला। स्थानीय लोग तांत्रिक क्रिया में इसके इस्तेमाल की आशंका जता रहे हैं।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर खोपड़ी को कब्जे में ले लिया। फोरेंसिक टीम भी बुला ली गई। लक्ष्मी ताल समेत काली मंदिर के आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी पुलिस खंगाल रही है।
स्थानीय पार्षद राहुल कुशवाहा के मुताबिक, लक्ष्मी ताल के पास मंदिर से निकली पूजन सामग्री समेत कूड़ा इकट्ठा किया जाता है। रोजाना यहां बच्चे पन्नी और प्लास्टिक की बोतल बीनने पहुंचते हैं। दोपहर करीब तीन बजे लड़की के बोरी खोलने पर उसमें मानव खोपड़ी दिखाई दी। यह देखने के बाद डरकर वह भाग गई। सूचना मिलने पर पार्षद राहुल समेत आसपास के लोग आ गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि खोपड़ी पर लाल रंग का टीका एवं सिंदूर लगा था। कोतवाल अंजन कुमार सिंह के मुताबिक फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। खोपड़ी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद सही बात सामने आ सकेगी।