झांसी। स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर में सात वाटर एटीएम संचालित हैं। इनमें सिक्का डालकर शुद्ध पेयजल लिया जा सकता है। अमर उजाला ने बृहस्पतिवार को पांच वाटर एटीएम की पड़ताल की। इनमें से दो में पानी ही नहीं आ रहा था।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के प्रमुख स्थानों पर वाटर एटीएम संचालित हैं। इन स्वचलित एटीएम में एक रुपये का सिक्का डालने पर 200 मिली या करीब एक गिलास पानी और पांच रुपये का सिक्का डालने पर पांच लीटर पानी मिलता है। वहीं कार्ड के जरिये 10 रुपये में 20 लीटर पानी मिलता है। वाटर एटीएम की पड़ताल में दो में पानी ही नहीं मिल सका। इलाइट चौराहा स्थित झूलेलाल पार्क के बाहर लगा वाटर एटीएम में पांच का सिक्का डाला गया लेकिन पानी नहीं आया और मशीन से सिक्का बाहर आ गया। वहीं, ग्वालियर रोड स्थित सिद्धेश्वर मंदिर पुलिस चौकी के बाहर लगा वाटर एटीएम में पांच रुपये का सिक्का डालने के बाद पानी नहीं आया लेकिन सिक्का मशीन में ही जमा होकर रह गया। जबकि खंडेराव गेट, रानी लक्ष्मीबाई पार्क और बस स्टैंड पर लगे वाटर एटीएम से पानी आ रहा था।
वाटर एटीएम में पानी न आने का कारण बिजली कटौती या मशीन में कोई खराबी हो सकती है। अधिकारियाें की ओर से इनकी जांच की जाती है। यदि कोई खराबी होती है उसको दुरुस्त कराया जाता है। - मोहम्मद कमर, अपर नगर आयुक्त