अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बारिश में शहर में कई जगहों पर जलभराव होने के बाद बुधवार को नगर आयुक्त सत्य प्रकाश ने कई वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान नाले पर कई मकान बने मिले। नवाबाद से झोकनबाग जाने वाला करीब 10 फीट का नाला आगे चलकर तीन फीट का मिला। अब निगम इन सभी भवन स्वामियों को नोटिस जारी करेगा।
जलभराव की सूचना पर नगर आयुक्त ने सबसे पहले कैलाश रेजीडेंसी के पीछे नाले का निरीक्षण किया। इस नाले में ठोस अपशिष्ट पदार्थ को रोकने के लिए जाल का प्रयोग किया जाता है। इस कारण जल बहाव अवरुद्ध मिला। नगर आयुक्त सत्य प्रकाश ने जाल को तत्काल हटाने के लिए के निर्देश दिए। चबूतरा/दीवार आदि बढ़ाकर नाली पर कब्जा मिला। बताया गया कि इससे पानी की निकासी समुचित न हो पाने से जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इस पर नगर आयुक्त ने भवन स्वामी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वार्ड 55 में एवट कंपाउंड के निरीक्षण में जगह-जगह नाले में ठोस अपशिष्ट पदार्थ इकट्ठा था। इसके लिए सफाई, खाद्य निरीक्षक को पुन: सफाई कराने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने नाले की दीवार पर कब्जा करने वाले को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
झोकनबाग वाली गली में नाला निर्माण कार्य का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता को निर्देश दिए कि बारिश के समय नाला निर्माण को रोक दिया जाए। जो रोक लगाई गई है, उसे खोल दें, ताकि जलनिकासी सुचारू रूप से हो सके। इस दौरान पार्षद सुनील नैनवानी मौजूद रहे। पानी वाली धर्मशाला क्षेत्र में निरीक्षण कि दौरान रास्ते में लगे हुए जाल को खोलकर बहकर आए कचरे को हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान पार्षद अरविंद झा मौजूद रहे। आतिया तालाब क्षेत्र में सफाई निरीक्षक को नाला सफाई कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्य मार्ग पर पड़े मलबे को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए।
इस दौरान पार्षद लखन कुशवाहा मौजूद रहे। निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग को नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जहां भी जलभराव की स्थिति पैदा होती है, वहां पंप से पानी निकलवाएं। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त मो. कमर, मुख्य अभियंता राजवीर सिंह, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत कुमार मौजूद रहै।