झांसी। जिले में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ हॉटस्पॉट इलाके भी तेजी से बढ़ रहे हैं। अब तक आठ अलग - अलग क्षेत्रों को हॉटस्पॉट घोषित किया जा चुका है। इनमें महानगर के मुहल्लों से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के गांव व कस्बा भी शामिल है, जिनमें सवा लाख से अधिक की आबादी रह रही है।
एक 59 वर्षीय महिला में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद ओरछा गेट इलाके को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया था। यह जिले का पहला हॉटस्पॉट इलाका था। इसी इलाके के अन्य मरीज भी सामने आए थे। इसके बाद बिसातखाना और दीनदयाल नगर में मरीज सामने आने के बाद इन मुहल्लों को भी हॉटस्पॉट में तब्दील कर दिया गया। महानगर की तंग गलियों से होता हुआ कोरोना वायरस का संक्रमण गरौठा के जलालपुरा गांव तक पहुंच गया। यहां एक युवक में इस महामारी की पुष्टि हुई। इस इलाके को भी हॉटस्पॉट में तब्दील कर दिया गया। इसके बाद गरौठा नगर निकाय के एक वार्ड से भी कारोना वायरस के संक्रमण का मरीज सामने आया, जिससे इसे भी हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया।
मंगलवार को चार और नए मरीज सामने आए थे। इनमें एक मरीज पहले से हॉटस्पॉट घोषित किए जा चुके जलालपुरा गांव का था। जबकि, एक मरीज थाना प्रेमनगर के बल्लमपुर, एक एवट मार्केट व एक मरीज पुरानी नझाई क्षेत्र का सामने आया, जिससे कि इन इलाकों को भी हॉटस्पॉट में तब्दील कर दिया गया। इन सभी हॉटस्पॉट एरिया में तकरीबन सवा लाख की आबादी रहती है, जो प्रशासन और मेडिकल टीमों के रडार पर बनी हुई है। इन इलाकों में लोगों के मेडिकल परीक्षण का काम तेजी से जारी है। साथ ही तमाम लोगों के कोरोना के नमूने भी लिए गए हैं।