होटल राही वीरांगना। संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड द्वारा संचालित होटल राही वीरांगना का जीर्णोद्धार किया जाएगा। निर्माण कार्य का जिम्मा आवास विकास परिषद को दिया गया है। निर्माण कार्य पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 1988 में होटल राही वीरांगना का शुभारंभ किया गया था। होटल में बीस कमरे, एक वेंकट हॉल, बार, कॉरिडोर, डोरमेटरी, रेस्टोरेंट, रिसेप्शन का निर्माण कराया गया था। शुभारंभ होते ही होटल में पर्यटकों का जमावड़ा होने लगा था। लेकिन रखरखाव के अभाव में होटल बदहाल हो गया था। विभाग द्वारा एक बार फिर से होटल के जीर्णोद्धार की योजना बनाई है, जिसके तहत आवास विकास परिषद द्वारा प्रोजेक्ट को तैयार किया जा रहा है। योजना के तहत होटल के सभी कमरों का रंग-रोगन के साथ ही फर्नीचर बदला जाएगा। होटल की चारदीवारी, प्रवेश द्वार के साथ ही कॉरिडोर के डिजाइन को भी बदला जाएगा। वहीं, बार को हटाकर मीटिंग हॉल बनाया जाएगा। प्रोजेक्ट को प्रबंध निदेशक को भेजा जाएगा। प्रबंध निदेशक की मुहर लगते ही निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा।
इस संबंध में होटल के प्रबंधक तारिक अजीज सिद्दीकी ने बताया कि होटल के जीर्णोद्धार की जिम्मेदारी आवास विकास परिषद को दी गई है। प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार होते ही प्रबंध निदेशक को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलते ही निर्माण को शुरू कर दिया जाएगा।