अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नवाबाद थाना इलाके में होटल के गेट के सामने गाड़ी खड़ी करने से मना करने पर चार युवकों ने होटल मैनेजर और स्टाफ पर हमला कर दिया, जिसमें दोनों घायल हो गए। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
इलाइट चौराहा स्थित होटल सुखसागर के प्रबंधक अमित अग्रवाल ने बताया कि 17 जनवरी की रात तकरीबन साढ़े ग्यारह बजे वह अपने होटल के बाहर बैठे हुए थे। इसी दरम्यान दो बाइकों पर सवार होकर चार लोग पहुंचे। उन्होंने अपनी गाड़ियां होटल के गेट के सामने खड़ी कर दीं। मना करने पर वह उग्र हो गए और वे होटल के कर्मचारी सत्येंद्र साहू के साथ मारपीट करने लगे। मैनेजर ने बताया कि बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उसके ऊपर हेलमेट से हमला कर दिया। इसके बाद लात-घूंसों से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने इस मामले में अंकित, राजू व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। घटना के सीसीटीवी फुटेज के जरिये पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है।