संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जा रहा है। यहां शुक्रवार को छह मैच खेले गए। इसमें झांसी छात्रावास, झांसी, मिर्जापुर, वाराणसी, स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और रामपुर की टीम विजयी रहीं।
पहला मैच मिर्जापुर और कानपुर के बीच खेला गया। इसमें मिर्जापुर ने पहले हाफ में दो व दूसरे हाफ में चार और गोल दागे। मिर्जापुर की टीम जबरदस्त डिफेंस करते हुए एक के बाद एक गोल बचाती रही और कानपुर की टीम को गोल का कोई मौका न दिया। इस प्रकार मिर्जापुर ने एक तरफा 6-0 गोल के स्कोर से मैच जीता। दूसरा मैच झांसी छात्रावास और देवीपाटन (गोंडा) के बीच खेला गया। इसमें झांसी छात्रावास की टीम ने एस्ट्रोटर्फ पर शानदार प्रदर्शन किया और एक के बाद एक गोल दागकर कुल 11 गोल दागे जबकि गोंडा की टीम सिर्फ गोल करने के मौके ही तलाशती रह गई। झांसी छात्रावास की टीम 11-0 से विजयी रही। तीसरा मैच झांसी बनाम आगरा खेला गया। इसमें भी झांसी की टीम के आगे आगरा की टीम बुरी तरह परास्त हो गई। झांसी छात्रावास की टीम की तरह ही प्रदर्शन कर 11-0 से आगरा को हराया। चौथा मैच वाराणसी छात्रावास बनाम आजमगढ़ खेला गया। इसमें वाराणसी छात्रावास की टीम हाफ टाइम के पहले तक चार गोल दागकर 4-0 से आगे रही। वहीं हाफ टाइम के बाद वाराणसी ने तीन गोल और कर दिए। इस प्रकार वाराणसी ने 7-0 गोल से आजमगढ़ को हरा दिया। पांचवां मैच स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ बनाम सहारनपुर में हुआ। इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज ने एक के बाद एक आठ गोल दागे वहीं सहारनपुर की टीम एक गोल दागकर ही सीमित रह गई। लखनऊ ने 8-1 से सहारनपुर के खिलाफ जीत दर्ज की। छठवां और आखिरी मैच रामपुर छात्रावास और अयोध्या के बीच खेला गया। इसमें रामपुर की टीम ने एक के बाद एक 10 गोल दागे। रामपुर के डिफेंस ने अयोध्या की टीम के गोल करने के सारे प्रयासों पर पानी फेर दिया। इस तरह रामपुर की टीम ने 10-0 से अयोध्या को शिकस्त दे दी।