झांसी। शहर में कहीं घरों के नल सूखे हैं तो कहीं पाइपलाइन टूटने से हजारों लीटर पानी सड़कों पर बह रहा है। वार्ड 31 के आईटीआई क्षेत्र स्थित सिद्धेश्वर नगर में रेलवे ट्रैक के किनारे मुख्य पाइपलाइन करीब एक महीने से टूटी है। इससे दिनभर सड़क पर पानी बहता रहता है।
दूसरी ओर, कई घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। ऐसे में लोगों को घरेलू जरूरतों और प्यास बुझाने के लिए सड़क पर बह रहे पानी से काम चलाना पड़ रहा है। स्थानीय लोग कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं हुई है।
शिकायतें कीं, फिर भी नहीं हुई सुनवाई
सिद्धेश्वर नगर और इंदिरा नगर के बीच टूटी पाइपलाइन की समस्या सामने आने पर बुधवार को अमर उजाला की टीम मौके पर पहुंची। यहां कुछ लोग बर्तन लेकर सड़क पर बह रहे पानी को भरते मिले। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन टूटने से एक ओर पानी बर्बाद हो रहा है, वहीं दूसरी ओर घरों में जलापूर्ति प्रभावित है। जल निगम में कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
लोगों की पीड़ा : न पार्षद सुनते, न अधिकारी
गुड्डो यादव ने बताया कि कुछ दिनों से घर के नलों में पानी नहीं आ रहा है। मजबूरी में टूटी पाइपलाइन से बह रहे पानी को भरना पड़ रहा है। सुमित ने बताया कि घरों में पानी नहीं आने के कारण सड़क पर बह रहे पानी से ही पीने और घरेलू काम चलाने पड़ रहे हैं।
स्वतंत्रता सेनानी पंडित दुर्गा प्रसाद तिवारी के बेटे उमेश तिवारी ने बताया कि पाइपलाइन करीब एक महीने से टूटी है। दो-तीन बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत करने के साथ ही ऑनलाइन शिकायत भी की गई है। उन्होंने क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों के नियमित नहीं आने की समस्या भी उठाई।
उत्तर प्रदेश पुलिस से सेवानिवृत्त दरोगा शालिग्राम लिटोरिया और उनकी पत्नी शीला देवी ने बताया कि पाइपलाइन टूटने से सड़क पर पानी फैल रहा है, जबकि घरों में जलापूर्ति नहीं हो रही। शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने के कारण उन्होंने खुद ही कचरा हटाकर और नाली बनाकर पानी का बहाव रेलवे ट्रैक की ओर मोड़ा, ताकि सड़क पर कीचड़ न फैले।
सड़क को ठीक कराया जाएगा
हमारे वार्ड में सफाई कर्मचारियों की काफी कमी है। सड़क को जल्द ठीक करवाया जाएगा। पाइपलाइन टूटने की समस्या की जानकारी लोगों ने मुझे नहीं दी है। जल निगम के अधिकारियों से बात करके इसे जल्द ठीक करवाया जाएगा।
- रितिका तिवारी, पार्षद, वार्ड 31
जहां भी पाइपलाइन टूटने की शिकायत मिलेगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाएगी।
- मुकेश पाल सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम
इंदिरानगर और सिद्धेश्वर नगर के बीच में रेलवे ट्रैक के किनारे टूटी हुई पाइप लाइन से घर के लिए पा
इंदिरानगर और सिद्धेश्वर नगर के बीच में रेलवे ट्रैक के किनारे टूटी हुई पाइप लाइन से घर के लिए पा
इंदिरानगर और सिद्धेश्वर नगर के बीच में रेलवे ट्रैक के किनारे टूटी हुई पाइप लाइन से घर के लिए पा