बुधवार की रात में रंगोत्सव का शुभारंभ होलिका दहन के साथ हुआ। फाल्गुन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा की चांदनी रात में जगह-जगह शुभ मुहूर्त में होलिका दहन हुआ। लोगों ने भी पूजा की। इसके बाद रंग-गुलाल और अबीर लगाया। एक दूसरे को त्योाहर की बधाई दी। युवाओं की टोली देर रात तक होली के गीतों पर थिरकते नजर आए। महानगर में बृहस्पतिवार, शुक्रवार को होली खेली जाएगी। जबकि, मंदिरों में रंग पंचमी पर्व तक होली होगी।
त्योाहर की तैयारियां सुबह से घर-घर होने लगी थीं। महिलाएं होली के परंपरागत पकवान गुजिया, पपड़ी खस्ता आदि बनाने में जुटी रहीं। युवाओं और बच्चों की टोलियां सार्वजनिक स्थलों में होलिका की लकड़ियां, कंडे और एरंड के पेड़ लगाने में जुटी रहीं। उन्होंने होली के डांडा को आकर्षित सजावट भी प्रदान की। दोपहर बाद महिलाओं ने जीवन में सुख समृद्धि की कामना के साथ ठंडी होली की पूजा की। गोबर के उपले चढ़ाए और प्र्रसाद अर्पण किया। रात होते ही शुभ मुहूर्त महानगर के पंचकुइयां मंदिर के समीप और घास मंडी में होलिका दहन किया गया। इसके बाद इसकी आग से शहर के अन्य होलिका दहन हुए। महानगर के सीपरी, दतिया गेट, बिसाती बाजार, गोला कुआं, प्रेमनगर, सदर बाजार, मसीहा गंज, उन्नाव गेट सहित कई अन्य इलाकों में 600 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन किए गए।
इधर, बड़ा बाजार मालिनों के चौराहा स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के सामने होलिका का पूजन आचार्य रघुवीर शरण शास्त्री और शिवम नायक ने वैदिक मंत्रों के बीच किया। रात्रि में होलिका दहन हुआ। इसके बाद ढोल नगाड़ों की धुनों पर युवाओं ने नृत्य कर एक दूसरे को गुलाल लगाया। इस अवसर पर रवीश त्रिपाठी, सुभाष खर्द, मनोज अग्रवाल, प्रेम शर्मा, अनूप माली आदि मौजूद रहे। गांधी रोड स्थित गोपाल जी मंदिर के सामने होलिका दहन हुआ। इसके बाद लोगों ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया। इस अवसर पर राधे चौबे, अशोक तिवारी, संजीव दुबे, कल्लू चौरसिया, गोपाल चौबे आदि मौजूद रहे।
मेरा भारत सेवा मिशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया। फिरोज खान, मोहसिन खान, सगर यादव, अरविंद झा, विजय झांसिया, जितेंद्र यादव, सैयद अली हाशमी मौजूद रहे।
एरंड के पेड़ की रही महत्ता
होलिका दहन में एरंड के पेड़ को लगाने की महत्ता है। मान्यता है कि यह प्रहलाद का प्रतीक है और कई स्थानों पर इसे लोग अग्नि प्रज्वलित होते ही निकाल लेते हैं। ऐसे में बुधवार को युवाओं व बच्चों की टोलियां ग्वालियर रोड, बालाजी रोड सहित कई स्थानों के अलावा बगीचों में लगे एरंड के पेड़ को लाती नजर आई। त्योहार पर उनकी उपयोगिता के चलते यह पेड़ 150 रुपये से लेकर 250 रुपये तक की बिक्री में रहा।
गुलाल, पिचकारियों की दुकानों पर रही भीड़
बुधवार को रंग, गुलाल व पिचकारियों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ व्यापक रही। मानिक चौक, गांधी रोड, बिसाती बाजार, बड़ा बाजार में लगी दुकानों पर बच्चे अपने परिजनों के साथ होली की सामग्री खरीदने में व्यस्त रहे। हालांकि अन्य दिनों की अपेक्षा पिचकारियों व गुलाल की बोरियां पांच से 10 रुपये अधिक महंगी बिकी। इसके अलावा मास्क भी बच्चों ने खूब खरीदे।
खूब बिकी गुजिया
महानगर में त्योहार के परंपरागत पकवान गुजिया और पपड़ी भी मिठाइयों की दुकानों पर जमकर बिकी। कई परिवारों ने रेडीमेड गुजिया और पपड़ी खरीदना बेहतर समझा। इसके अलावा कई ब्रांडेड कंपनियों ने भी आकर्षक पैकिंग में गुजिया को मार्केट में उतारा। बाजार में गुजिया की कीमत 200 रुपये 300 रुपये के बीच प्रति किलो रहीं।
50 अतिरिक्त बसें दौड़ीं लखनऊ, कानपुर के लिए
महानगर के अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या बुधवार को बहुत अधिक रही। रोडवेज के स्टैंड के अलावा टीकमगढ़, मऊरानीपुर स्टैंडों पर भी यात्रियों की भारी भीड़ रही। सभी अपने घर समय से पहुंचने के लिए उतावले रहे। ऐसे में मऊरानीपुर रूट पर बसें ठसाठस भरकर चलीं। रोडवेज के सेवा प्रबंधक तुलाराम वर्मा के अनुसार प्रतिदिन झांसी, कानपुर, लखनऊ रूट पर 70 से 72 बसें चलती हैं लेकिन बुधवार को यह संख्या लगभग 110 रही, जिनमें करीब 5 हजार यात्रियों ने सफर किया।
हर्बल कलरों से खेलें होली
होली में ड्राई और हर्बल कलरों का ही प्रयोग करें। पानी वाले रंगों से बचें। इनमें लेड व क्रोमियम होने से त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है। स्किन विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक शिवहरे ने कहा कि केमिकल वाले रंगों जो पानी के साथ उपयोग कि ए जाते हैं उससे त्वचा को नुकसान पहुंचता है। जलन, खुजली की समस्या हो जाती है और त्वचा लालिमा ले लेती हैं। किसी प्रकार से त्वचा को नुकसान लगता है, तो व्यक्ति त्वरित चिकित्सक से संपर्क करें। उनके अनुसार हर्बल कलरों का ही प्रयोग करें। हल्दी, चुकंदर व टेसू के फूलों से बने रंगों से होली खेलें और बच्चों को पूरे बाजूबंद कपड़े पहनाएं।
ये बरतें सावधानियां
---------------
- होली खेलने से पहले शरीर पर गरी का तेल लगाएं।
- चेहरा पर मास्क लगाएं।
- बालों को बचाने के लिए आर्टिफिशियल मास्क लगाएं।
- दमा रोग से पीड़ित व्यक्ति गुलाल से दूर रहें।
- होली खेलते समय चश्मा पहनें।
- चेहरे से रंग निकालने के लिए उसे घिसे नहीं
- बच्चों को बाजू बंद कपडे़ पहनाकर होली खिलवाएं।
- डार्क व केमिकल वाले रंगों से बचें।
बच्चों के साथ खेली होली
रेलवे चाइल्ड लाइन ने रेलवे स्टेशन पर बच्चों के साथ होली मनाई। उन्हें गुलाल लगाया और उन्हें मिठाईयां खिलाईं। कोआर्डिनेटर बिलाल उल हक ने कहा कि होली सामाजिक एकता का संदेश देती है। हालांकि, कुछ लोग मुनाफा कमाने की आड़ में रासायनिक रंगों को बेच रहे हैं, जिनके प्रयोग से बच्चे व युवा बचें। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन डायरेक्टर अनुपम सक्सेना, आरपीएफ थाना प्रभारी एके यादव, एसआई राजकुमारी गुर्जर, एसआई घनेंद्र सिंह एसआई अमित यादव, जीआरपी के एसआई देशराज सिंह, सीटीआई आरपी शुक्ला, मुख्तार, उमर खान आदि मौजूद रहे। इधर, बुंदेलखंड युवा समृद्धि संस्थान के सदस्यों ने मलिन बस्तियों में बच्चों के साथ होली खेली और उन्हें रंग, गुलाल व पिचकारियां तथा मुखौटे दिए और उन्हें होली का महत्व बताया। इस अवसर पर अध्यक्ष रवीश त्रिपाठी, आचार्य हरीओम पाठक, रजत त्रिपाठी, मयंक श्रीवास्तव, मिंटू श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
परमा आज, भाई दोज कल
बृहस्पतिवार को परमा मनाई जाएगी। जबकि, शुक्रवार को भाई दोज का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन बहनें व महिलाएं घर की देहरी पर पूजा करेंगी। इसके बाद अपने-अपने भाइयों का तिलक कर उनकी सुख समृद्धि की कामना ईश्वर से करेंगी।
होली पर आज खास
दोपहर 12 बजे: जनरल मर्चेंट व्यापार संघ के तत्वावधान में होली मिलन समारोह राधिका मंडपम में।
दोपहर 12:30 बजे: गहोई गौरव झांसी के तत्वावधान में होली मिलन समारोह पंचतंत्र पार्क में।
दोपहर 3 बजे: महाराजाधिराज झांसी राज्य श्रीमंत गंगाधर राव स्मृति समारोह समिति झांसी के तत्वावधान में महाराजा गंगाधर राव की समाधि पर श्रद्धांजलि सभा व संगीत कार्यक्रम।
शाम 4 बजे: श्री कृष्ण संकीर्तन एवं सेवा समाज द्वारा कारगिल पार्क में फूलों की होली।