शनिवार को बैंक बंद होने के कारण सारा दारोमदार एटीएम पर ही रहा। ज्यादातर एटीएम में बंद रहे और जो चालू थे, उसमें भी कुछ ही देर बाद कैश खत्म हो गया।
इलाइट चौराहे पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में शाम चार बजे रुपये निकल रहे थे। उसके बगल में देना बैंक और आसपास के एचडीएफसी, एक्सिस, एसबीआई, इलाहाबाद बैंक और बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में कैश न होने या मशीन खराब होने की समस्या थी। पीएनबी के एटीएम से रुपये निकालने वाले बड़ागांव गेट बाहर स्थित अन्नपूर्णा कालोनी निवासी चंद्रप्रकाश खरे ने बताया कि बच्ची की फीस जमा करनी है इसके लिए रुपयों की जरूरत थी। दो हजार ही मिलेंगे उसके लिए एक घंटे से परेशान हो रहा हूं।
बीकेडी चौराहे के पास सेंट्रल बैंक का एटीएम में कैश न होने का बोर्ड लगा हुआ था। आसपास के ओरियंटल बैंक, सीएमओ ऑफिस के सामने स्थित पीएनबी और ग्वालियर रोड का एटीएम भी चालू नहीं था। ध्यानचंद्र स्टेडियम के सामने स्थित एसबीआई मुख्य शाखा का एटीएम ही चालू था, जिस पर लाइन कम ही थी। सेंट्रल बैंक के एटीएम से रुपये निकालने आए मिशन कंपांउड निवासी आलोक मेहरा ने बताया कि आसपास के सभी एटीएम घूम आया हूं। कहीं रुपये नहीं निकल रहे हैं। इसी तरह खंडेराव गेट के पास एसबीआई का एटीएम चल रहा था, लेकिन पीएनबी का एटीएम बंद था। पीनबी सिटी मुख्य शाखा का एटीएम भी नहीं चल सका। मेडिकल क्षेत्र के अधिकतर एटीएम चलते रहे। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पास पीएनबी का एटीएम नहीं चला।
कैश की किल्लत
कैश की कमी होने के कारण एटीएम में पर्याप्त रुपये नहीं पहुंच पा रहे हैं। मुख्य जगहों के पांच एटीएम ही चलाए जा रहे हैं। कुछ दिन में समस्या खत्म हो जाएगी।
नीरजा कुमार, मंडल प्रमुख, पीएनबी
अभी कई एटीएम दुरुस्त नहीं
नए नोटों के मुताबिक कई एटीएम में कैसेट नहीं लग पाई हैं। इस कारण दिक्कत हो रही है। उम्मीद है कि कुछ दिन में यह समस्या खत्म हो जाएगी।
जयपाल सिंह यादव, मुख्य प्रबंधक इलाहाबाद बैंक