संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में चल रही अखिल भारतीय प्राइजमनी महिला हॉकी प्रतियोगिता में यूनियन बैंक मुंबई की टीम ने चैंपियनशिप अपने नाम की। यूनियन बैंक मुंबई की टीम ने फाइनल मुकाबले में एनसीओई कोलकाता की टीम को 3-2 से हराया। वहीं उत्तर रेलवे दिल्ली की टीम तीसरे स्थान पर रही।
फाइनल मुकाबले में स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ पर दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। पहले क्वार्टर के 11वें मिनट में यूनियन बैंक मुंबई टीम की खिलाड़ी चंदाना जे ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में कोलकाता टीम की खिलाड़ी अनिशा डुंगडुंग ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। मैच के अंत तक दोनों ही टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूट आउट में यूनियन बैंक मुंबई की टीम ने 3-2 से जीत हासिल कर फाइनल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच जीतने के बाद मुंबई की टीम की खिलाड़ी खुशी से झूम उठीं। दूसरे स्थान पर कोलकाता की टीम रही। मैच के अंपायर राजकुमार झा व सोनाली सिंह रहे।
मुख्य अतिथि एडीएम (न्यायिक) श्यामलता आनंद ने विजेता टीम को दो लाख व उपविजेता टीम को एक लाख रुपये नगद धनराशि से पुरस्कृत किया। इस मौके पर उपमहाप्रबंधक यूनियन बैंक अमित कुमार सिन्हा, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक सौरभ मुखर्जी, भारतीय स्टेट बैंक की वरिष्ठ मुख्य प्रबंधक दीप्ती मुखर्जी, वीरेंद्र राय, अरुण सिंह, रूही सिंह, उप क्रीड़ा अधिकारी अजय प्रताप साहू, बृजेंद्र यादव, इब्राहिम खान, विकास उपाध्याय, अशोक ओझा, मुकेश भरतीय, राजा खान मौजूद रहे। प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने आभार व्यक्त किया।
-
यूपी इलेवन को हराकर उत्तर रेलवे दिल्ली ने हासिल किया तीसरा स्थान
फाइनल मैच से पहले हुए हार्ड लाइन मुकाबले में उत्तर रेलवे दिल्ली की टीम ने यूपी हाॅकी इलेवन टीम को 2-1 से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया। यूपी इलेवन की ओर से खिलाड़ी काजल ने 14वें मिनट में गोल कर टीम काे 1-0 की बढ़त दिलाई। मैच के 26वें मिनट में उत्तर रेलवे दिल्ली टीम की खिलाड़ी देविका सेन ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 1-1 कर दिया। 44वें मिनट में उत्तर रेलवे दिल्ली टीम की भारतीय सरोहा ने फील्ड गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। जो अंत तक कायम रहा। मैच के अंपायर नीतू कुमारी व सुनील कुमार गुप्ता रहे। तीसरे स्थान रही टीम को 50 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया।