संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में चल रही अखिल भारतीय प्राइजमनी महिला हॉकी प्रतियोगिता में आज एनसीओई कोलकाता और यूनियन बैंक मुंबई की टीम के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। मंगलवार को हुए सेमीफाइनल मैच में दोनों टीमों ने अपनी प्रतिद्वंदी टीमों को हराया। फाइनल में विजेता रहने वाली टीम को दो लाख रुपये और उपविजेता टीम को एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
मंगलवार को हुए प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में एनसीओई कोलकाता और उत्तर रेलवे दिल्ली के खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर रही। मैच के अंत तक दोनों ही टीमें 1-1 के स्कोर के साथ बराबरी पर रहीं। मैच का निर्णय पेनाल्टी शूट आउट से निकाला गया। इसमें कोलकाता की टीम तीन और उत्तर रेलवे दिल्ली की टीम दो गोल ही कर सकी। पेनाल्टी शूट आउट में जीत के साथ ही कोलकाता की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमीफाइनल मैच में यूनियन बैंक मुंबई ने यूपी हॉकी इलेवन टीम को 5-1 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। यूनियन बैंक मुंबई टीम की ओर से रितुजा और चंदाना जे ने दो-दो व जीवन टोप्पो ने एक गोल किया। यूपी हॉकी इलेवन की ओर से काजल ने एक गोल किया। सेमीफाइनल मुकाबले में सांसद अनुराग शर्मा की पत्नी पूनम शर्मा, कुसुम पांडेय और रिजीजू गुप्ता मुख्य अतिथि रहीं। इस मौके पर जिला ओलंपिक संघ के मंडल संयोजक संजीव सरावगी, उपक्रीडाधिकारी अजय साहू, सुनीता तिवारी, अशोक सेन, राजेंद्र सब्बरवाल, संजीव गुंठे, विकास वेंदया, बृजेंद्र यादव, इब्राहिम खान, विकास उपाध्याय, मुकेश, अशोक ओझा, राजा खान, टेक्निकल प्रभारी विवेक काला, अंपायर मैनेजर अविनाश श्रीवास्तव, विनोद यादव, रश्मि सिंह, विवेक सोनी, संदीप पाठक, विनम्र खंडकर मौजूद रहे। प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने आभार व्यक्त किया।