झांसी। प्रेमनगर इलाके के ललितपुर-रक्सा हाईवे में पिछले हफ्ते हुई लूट के तीन अंतरराज्यीय बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने बाइक सवार युवकों को तमंचा लगाकर उनसे 77 हजार रुपये लूट लिए थे।
एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि तीन फरवरी को दोपहर संजीव लोधी निवासी शिवपुरी अपने साथी आदेश यादव के संग चमरौआ में महिला समूह का करीब 77 हजार रुपये जमा कराने झांसी आ रहा था। जैसे ही यह लोग ललितपुर-रक्सा हाईवे स्थित प्रतीक्षालय के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने तमंचा दिखाकर 77800 रुपये लूट लिए। बदमाशों की तलाश को थाना प्रेमनगर के साथ एसओजी टीम भी लगाई गई। बृहस्पतिवार को इंस्पेक्टर रणविजय सिंह ने घटना में शामिल तीन बदमाश को राजपूत ढाबा के पास से पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास 30 हजार नकद समेत दो मोबाइल, देशी तमंचा एवं कारतूस बरामद हुए। बदमाशों ने अपना नाम उत्तम उर्फ कल्लू यादव निवासी दतिया, नीरज निवासी दतिया एवं विशाल यादव निवासी झांसी बताया। पुलिस के मुताबिक तीनों का आपराधिक इतिहास भी है। तीनों के ही खिलाफ प्रेमनगर एवं दतिया में कई मामले दर्ज हैं।
एक बदमाश फरार, दूसरा दतिया में धराया
लूटकांड में शामिल दतिया निवासी प्रभू कुशवाहा अभी भी फरार है जबकि एक अन्य बदमाश अशोक कुशवाहा को पुलिस ने दतिया से पकड़ा। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि लूट की वारदात अंजाम देने के बाद सभी दतिया भाग गए। बैग में 65 हजार रुपये थे। चारों ने 15-15 हजार रुपये बांट लिए। मुखबिरी करने के लिए विशाल को पांच हजार रुपये दिए गए। तीनों आज लूट की वारदात के लिए फिर से यहां आए थे।