झांसी। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की अनिवार्यता के बाद नंबर प्लेट बनवाने के लिए भटक रहे वाहन चालक अब सियाम एप पर प्लेट की बुकिंग कर सकेंगे। इसके जरिए वाहन चालकों को तय तिथि और समय पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट मिल जाएगी।
प्रदेश सरकार ने वाहनों के पंजीकरण में हेराफेरी रोकने के लिए 2019 से पुराने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की व्यवस्था लागू की है। इसके लिए वाहन चालकों को फरवरी तक की छूट दी गई। वाहन चालक आए दिन नंबर प्लेट लगवाने के लिए डीलरों के यहां चक्कर काट रहे हैं। वाहन चालकों को न तो समय पर नंबर प्लेट मिल पा रही है और प्लेट के नाम पर मनमाने दाम भी वसूले जा रहे हैं। इस व्यवस्था को लेकर सरकार ने प्लेट बनाने वाली कंपनी सियाम के साथ करार किया है। इसके जरिए एप और वेबसाइट पर नंबर प्लेट की बुकिंग कराई जा सकेगी। बुकिंग के दौरान ऑनलाइन शुल्क जमा होगा। तय तिथि और समय का निर्धारण किया जाएगा। तय समय पर वाहन चालक डीलर के यहां पहुंचकर नंबर प्लेट लगवा सकेंगे। एआरटीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सियाम एप से वाहन चालकों को हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने में आसानी होगी।