प्रमुख सचिव स्वास्थ्य लखनऊ अमित मोहन प्रसाद ने मेले का औचक निरीक्षण किया
- फोटो : MOTH
झांसी। जिले के 47 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुए मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 6131 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान 108 में खून की कमी, 17 टीबी रोगी, 52 अतिकुपोषित बच्चे मिले। 133 मरीजों को रेफर किया गया। मेले में कोरोना से बचाव के तरीके भी बताए गए। वहीं, प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने पूंछ, एरच, मोंठ पीएचसी का निरीक्षण कर लोगों से बातचीत की।
इस बार के आरोग्य मेले में कोरोना वायरस से बचाव के उपायों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को हाथ धोने के बारे में ज्यादा से ज्यादा जागरूक किया जाए। वहीं, पीएचसी में हर्बल गार्डन और आईसीडीएस विभाग के सहयोग से पोषण वाटिका का निर्माण किया जाए। मेले में प्रति 30 मिनट पर स्वास्थ्य कर्मियों ने सुमन-के फार्मूले से हाथ धोने के सही तरीके का प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. विजयश्री ने बताया कि 6131 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। 320 गर्भवती महिलाओं की जांच हुई। आयुष्मान भारत के 340 लाभान्वितों को गोल्डन कार्ड बांटे गए। इस दौरान एडी डॉ. एसबी मिश्रा, जेडी डॉ. रेखा रानी, सीएमओ डॉ. जीके निगम, एसीएमओ डॉ. एनके जैन, डॉ. सुमित मिसुरिया मौजूद रहे।
ये है सुमन के फार्मूला
एस-सीधा
यू-उल्टा
म-मुट्ठी
ए-अंगूठा
एन-नाखून
के-कलाई।