अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। राजकीय जिला पुस्तकालय में शनिवार को विद्यार्थियों में परीक्षा संबंधी तनाव, मानसिक समस्याओं को दूर करने के लिए हेल्प डेस्क स्थापित कर दी गई। साथ ही इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर और मोबाइल एप की भी जानकारी दी गई।
डीआईओएस रती वर्मा ने बताया कि विद्यार्थी को परीक्षाओं के दौरान तनाव मुक्त रहना चाहिए। अभिभावकों को भी ध्यान देना चाहिए कि अगर छात्रों को नींद न आने, घबराहट या डरावने सपने आ रहे हैं तो तत्काल मनोवैज्ञानिक चिकित्सक से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि परामर्शदाता हेल्प डेस्क के जरिये विद्यार्थियों को इन समस्याओं का नि:शुल्क समाधान देंगे। ताकि, विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा के दौरान तनाव मुक्त रहें। परीक्षा में अच्छे अंकों से सफलता प्राप्त कर सकें।
बीएसए/ मंडलीय मनोवैज्ञानिक विपुल शिवसागर ने भी अपने कॅरियर से संबंधित अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव को दूर करने के लिए टिप्स भी दिए।
मंडलीय हेल्प डेस्क के परामर्शदाता डॉ. मनीष मिश्रा, प्रवक्ता मंडलीय मनोविज्ञानशाला ने विद्यार्थियों को चिंता या दबाव में न आने के लिए निसंकोच निशुल्क परामर्श प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। यह हेल्प डेस्क 12 मार्च को परीक्षा समाप्त होने तक जारी रहेगी।
परीक्षार्थी 8738838914 और 9456818947 पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक मनोवैज्ञानिक समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम समन्वयक नीतू सिंह ने एनएसएस ने मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के लिए बनाए गए एप टेलीमानस की जानकारी दी। टोल फ्री नंबर 14416 और 180089144160 के बारे में बताया गया।
इस दौरान मंडलीय नोडल अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, मंडलीय नियंत्रण कक्ष सहप्रभारी पिंकी कुमार, राज दीक्षित, पंकज कुमार, हेमेंद्र, देवेंद्र राजपूत, अभिषेक राजपूत आदि उपस्थित रहे।