हेलमेट पहनने से बच गई दो की जान
झांसी। बृहस्पतिवार दोपहर बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार भाग रही बस ने बाइक सवार दो युवकोें को टक्कर मार दी। बस की चपेट में आकर दोनों घायल हो गए। गनीमत रही कि दोनाें हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी जान बच गई। दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस को थाने ले आई।
मगरपुर के मानपुरा गांव निवासी रोहित वर्मा व श्रीकांत बृहस्पतिवार दोपहर काम के सिलसिले में झांसी आ रहे थे। अभी दोनों बस स्टैंड की तरफ पहुंचे थे, तभी ओरछा की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही बस के चालक ने दोनों को टक्कर मार दी, जिससे गिरकर हाथ व पैर में चोटें आने के कारण दोनों घायल हो गए। गनीमत रही कि दोनों हेलमेट पहने थे, इससे दोनोें की जान बच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। इधर, पुलिस बस को लेकर थाने पहुंची और चालक को भी हिरासत में लिया है।