झांसी। झांसी मंडल में जमकर ओवरलोडिंग हो रही है। इसका खामियाजा सड़कों को भुगतना पड़ रहा है। आरटीओ विभाग के प्रवर्तन दस्ते द्वारा ही जून माह में ओवरलोडिंग और अन्य आरोपों के तहत की गई कार्रवाई में 1429 वाहनों के चालान किए गए जिनसे करीब 392 लाख रुपये समन शुल्क के रूप में वसूले जा चुके हैं। वहीं 250 वाहनों को बंद किया गया। सर्वाधिक समन शुल्क की वसूली ललितपुर जिले में 312 लाख रुपये की हुई जबकि झांसी में सबसे कम कुल 19.07 रुपये वसूले गए।
ओवरलोडिंग पर आरटीओ विभाग इन दिनों नजरें टेढ़ी किए हुए है। इसके तहत जून माह में लक्ष्य सापेक्ष डेढ़ गुना अधिक राजस्व समन शुल्क के रूप में वसूले गए। झांसी मंडल में देखा जाए तो सर्वाधिक वसूली ललितपुर जिले में हुई है। यहां 225 लाख लक्ष्य के सापेक्ष 312 लाख विभाग ने जमा कराए। उरई में विभाग ने 24 लाख लक्ष्य के सापेक्ष 49.32 लाख रुपये तथा झांसी में 15 लाख लक्ष्य के सापेक्ष 19.07 लाख रुपये समन शुल्क विभाग ने जमा कराए। एआरटीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि गलत तरीके से चलाए जाने वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जून माह में लक्ष्य के सापेक्ष 144 प्रतिशत से अधिक राजस्व अर्जित किया गया।