झांसी। मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग तथा झांसी पीडियाट्रिक अकादमी की ओर से 29 व 30 अक्तूबर को दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय 43वां सम्मेलन ‘यूपी पेडिकॉन 2022’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों के छह सौ बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञ चिकित्सक हिस्सा लेंगे। शुक्रवार को यह जानकारी आयोजन अध्यक्ष डा. प्रमोद गुप्ता ने पत्रकार वार्ता में दी।
इस दौरान आयोजन सचिव डा. ओमशंकर चौरसिया ने बताया कि झांसी को 11 साल बाद इस आयोजन का मौका मिला है। सम्मेलन ओरछा के एक होटल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें शामिल होने वाले चिकित्सक नई-नई बीमारियों पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे तथा जानकारियां साझा करेंगे। इससे मरीजों के इलाज में आसानी होगी।
इस दौरान बाल रोग अकादमी के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय निरंजन ने बताया कि अकादमी के माध्यम से बाल एवं शिशु रोग चिकित्सक बाल मृत्यु दर को लगातार कम करने में जुटे हुए हैं। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। बाल मृत्यु दर लगातार घट रही है। इस मौके पर डा. अनिल कौशिक, डा. आरएस सेठी, डा. जीएस चौधरी, डा. अनुज सेठी, प्रदीप श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।