झांसी। बृहस्पतिवार को अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम में सूचना दी गई कि जिला अस्पताल में भीषण आग लग गई है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग तुरंत हरकत में आया और मौके पर टीम को भेजा गया। अस्पताल पहुंची टीम ने अस्पताल का जायजा लिया तो सूचना फर्जी निकली। अस्पताल के बगल में कुछ लोग कचरा जलाते हुए मिले।
अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूप पर जिला अस्पताल में आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के अफसरों में हड़कंप मच गया। आननफानन फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर पहुंचने का आदेश दिया गया। अग्निशमन दस्ता पहुंचा तो अस्पताल के किसी भी हिस्से में आग नहीं मिली। दस्ते ने अस्पताल के हर हिस्से का बारीकी से मुआयना करते हुए अस्पताल के इर्द-गिर्द देखा तो कुछ लोग कचरा जलाते हुए नजर आए, जिसमें से काफी धुआं उठ रहा था। इस पर अग्निशमन विभाग की टीम ने राहत की सांस लेते हुए सूचना विभाग के अफसरों को दी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी केके ओझा ने बताया कि जिला अस्पताल में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर अग्निशमन दस्ता भेजा गया था। अस्पताल के गेट पर कुछ लोग कचरा जलाते हुए पाए गए थे। अस्पताल में आग की सूचना फर्जी निकली।