प्रदेश सरकार की डिजिटल योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाएं ऑनलाइन हो रही हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग पेपरलेस हो जाएगा। जिला स्तर से सभी योजनाओं की बिंदुवार रिपोर्ट यूपीएचएमएस पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। इसके लिए सीएमओ कार्यालय में जिला स्तर पर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
शासन स्तर से लगातार अलग-अलग प्रपत्रों पर एक ही जानकारियां मांगी जाती हैं। इससे जिला स्तर पर स्वास्थ्य विभाग को योजनाओं, संसाधनों आदि की बार-बार रिपोर्ट बनाकर देनी पड़ती है। ऐसे में समय के साथ ही पेपर की भी बर्बादी होती है। वहीं, केंद्र सरकार भी समय-समय पर योजनाओं की समीक्षा करने के लिए विस्तृत रिपोर्ट मांगती है। ऐसे में कई बार रिपोर्ट देने में देरी भी हो जाती है। इन्हीं सब समस्याओं को मद्देनजर रखते हुए अब स्वास्थ्य विभाग को पेपरलेस करने की कवायद तेजी से चल रही है। अब आरबीएसके, जेएसवाई, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य, राष्ट्रीय कार्यक्रम, परिवार कल्याण योजनाओं समेत मेडिसिन, मानव संसाधन आदि की रिपोर्ट यूपीएचएमएस पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
कुछ दिन पहले ही सीएमओ कार्यालय में जिला कार्यक्रम प्रबंधक ऋषिराज सिंह ने जिला स्तर पर कर्मचारियों को पोर्टल से संबंधित प्रशिक्षण दिया। अब जल्द ही ब्लॉक स्तर पर कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। चूंकि, ब्लॉक स्तर पर कंप्यूटर और ऑपरेटर की व्यवस्था पहले से ही है। इसलिए पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करने में कोई परेशानी भी नहीं होगी।