झांसी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की राज्य अधीनस्थ सेवा परीक्षा में (पीसीएस)- 2021 का बुधवार का परिणाम घोषित हुआ। जिसमें झांसी के अभिषेक गोस्वामी का चयन एसडीएम पद के लिए हो गया है।
अभिषेक गोस्वामी के पिता अवधेश गोस्वामी मध्यप्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं, जबकि माता शशि गोस्वामी गृहिणी हैं। झांसी के नंदनपुरा निवासी अभिषेक अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट मैरी कॉवेंट स्कूल से की थी। सरस्वती ज्ञान मंदिर से हाईस्कूल और कलावती इंटर कॉलेज से बारहवीं की परीक्षा पास की। जिसके बाद इंस्ट्रूमेंटेशन और कंट्रोल शाखा से इंजीनियरिंग कर एक निजी कंपनी में नौकरी भी की। लेकिन बाद में नौकरी छोड़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी में लग गए।
जिसके पहले ही प्रयास में एसडीएम के लिए चयनित हो गए।
दैनिक रूप से अखबार पढ़ें
झांसी। अभिषेक अपनी पढ़ाई की टिप्स देते हुए बोले कि सबसे जरूरी है कि दैनिक रूप से अखबार पढ़ा जाए, जिससे समसामयिक की जानकारी मिलती रहे। उसके बाद हर विषय की बेसिक जानकारी लेनी चाहिए। इसके अलावा पुराने प्रश्न पत्रों से तैयारी अवश्य करते रहें। अपने खुद के नोट्स बनाएं, छोटे-छोटे लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करें। वे खुद प्रतिदिन 6-7 घंटे तक पढ़ाई किया करते थे।