शनिवार को नगर में ईद उल फितर का पर्व हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण
वातावरण में मनाया गया। सुबह इस्लाम धर्म के अनुयायियों ने नगर की ईदगाहों व
मस्जिदों में ईद की नमाज अदा कर खुदा से देश में अमन चैन कायम रहने की दुआ
मांगी। नमाज उपरांत ईद की खुशी में डूबे लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर
मुबारक बाद दी। इस दौरान विभिन्न धर्मों के लोगों ने मुस्लिम भाइयों से गले
मिलकर उन्हें बधाईयां दीं।
ईद की खुशी सुबह से ही बच्चों व युवाओं के
चेहरे पर चमकने लगी थी। लोग परंपरागत वेश में ईद की नमाज अदा करने के लिए
उमड़े। पठौरिया स्थित मुख्य ईदगाह में पेश इमाम मुफ्ती मोहम्मद साबिर कासमी
ने ईद की नमाज अदा करायी। उन्होंने तकरीर में कहा कि आज मौका है हम खुदा
से अपनी गुनाहों की माफी मांगें। अल्लाह ताला उसी से खुश रहता है, जो बंदा
उसके बताए रास्ते पर चलता है। आज अल्लाह ताला के सामने जो झुकेगा, वही
अल्लाह ताला का होगा। आज का दिन अल्लाह के प्रति शुक्रगुजार होने का है।
उन्होंने कहा कि ईद की खुशी नए कपडे़ पहनना, पकवान खाना नहीं है, बल्कि
अल्लाह के हुक्म पर चल कर गरीबों की मदद करने का है। इस मौके पर हाजी
मोहम्मद हफीज, ईदगाह कमेटी के महामंत्री याकूब अहमद मंसूरी आदि मौजूद रहे।
वहीं
पुरानी ईदगाह में मौलाना फखरुद्दीन कासमी ने नमाज अदा करायी। प्रेमनगर
ईदगाह पर हाफिज अब्दुल रहीम ने नमाज अदा कराई। कारी मसीहउद्दीन ने ईद की
अहमियत पर प्रकाश डाला और मुल्क व कौम की खुशहाली की दुआ की।
ईदगाह नई
बस्ती में ईद की नमाज मौलाना सैय्यद शाने हैदर जैदी ने अदा कराई। मौलाना ने
कहा कि ईद का मतलब है खुशी, जो भाई चारे को बढ़ावा देती है। इस त्यौहार को
सभी आपस में मिल कर मनाते हैं और गिले शिकवे दूर करते हैं। इस अवसर पर
सैयद शहनशाह हैदर आब्दी, मौलाना सैय्यद नावेद अली आदि मौजूद रहे। अंत में
आभार मौलाना नकी अस्करी ने जताया।
मिले गले, दी मुबारक बाद
झांसी।
शनिवार की सुबह ईद की नमाज अदा होने के पश्चात ईदगाहों व मस्जिदों में
मुस्लिम धर्म के अनुयायियों को मुबारकबाद देने का दौर शुरू हो गया। इस
दौरान राजनीतिक, प्रशासनिक, समाजसेवी व विभिन्न धार्मिक संगठनों के
पदाधिकारियों व सदस्यों ने मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर उन्हें बधाई दी।
पठौरिया
स्थित मुख्य ईदगाह पर समाजवादी पार्टी के सांसद डा. चंद्र पाल सिंह यादव,
सपा जिलाध्यक्ष सुदेश पटेल, असफान सिद्दीकी, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप
जैन आदित्य, राहुल राय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, राहुल
रिछारिया, नगर विधायक रवि शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव श्रृंगीऋषि,
बसपा के मंडल कोआर्र्डिनेटर संतोष राज वर्मा, कोआर्डिनेटर लालाराम
अहिरवार, हाजी अशफाक खान, आनंद साहू, रोहित पांडेय, अजीत राय, रवीश
त्रिपाठी, सीडीओ संजय कुमार, एडीएम उमेश नारायण पांडेय, नगर आयुक्त अरुण
प्रकाश, नगर मजिस्ट्रेट आर पी मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किरन एस, सीओ
कल्याण सिंह, कोतवाल जेपी यादव ने ईद की नमाज उपरांत मुस्लिम भाईयों से गले
मिलकर उन्हें मुबारक बाद दी। वहीं प्रेमनगर ईदगाह पर कौमी एकता कमेटी के
सदस्य अब्दुल रफीक, वीरांगना झलकारी बाई कोरी विकास सेवा समिति के संयोजक
घनश्याम कोरी, अखिल भारतीय जन उत्थान संस्थान के पंकज नारायण गोस्वामी,
कौमी एकता परिषद के उत्कर्ष साहू, क्रि श्चियन विकास महासभा के सुनील नाथ,
शहर कांग्रेस कमेटी के छोटे राजा, नश्तर भारती, करामत बेग, वसीम कुरैशी,
मोहम्मद अली सिद्दीकी आदि ने ईद की मुबारकबाद दी।
खूब मिली ईदी व खाईं सेंवई
ईद
की खुशी लोगों के दिलों से लेकर घरों तक में खूब दिखी। घरों में एक दूसरे
को मीठी सेंवई एवं अन्य व्यंजन खिलाकर तथा इत्र लगाकर लोगों ने एक दूसरे
से त्यौहार की खुशी आपस में साझा की। वहीं परिवार के बडे़ सदस्यों से मिल
रही ईदी लेने के लिए बच्चों में भी खासा उत्साह दिखा।