संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बीते दिनों एक लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए प्रभारी क्षेत्रीय आयुर्वेद यूनानी अधिकारी डॉ. अर्जुनलाल अहिरवार को एक माह में सेवानिवृत्त होना था। लेकिन, सेवानिवृत्त से पहले ही रिश्वत लेने के मामले में क्षेत्रीय आयुर्वेद अधिकारी व लिपिक सीधे जेल पहुंच गए हैं। शुक्रवार को कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि अब तक कोई विभागीय कार्रवाई की सूचना नहीं आई है।
जनपद में लंबे समय से क्षेत्रीय आयुर्वेद यूनानी अधिकारी का पद प्रभारी के सहारे संचालित हो रहा था। प्रभारी अधिकारी के स्थानांतरण होने के चलते पांच अक्तूबर 2023 को डॉ. अर्जुनलाल अहिरवार को प्रभारी बनाया गया था। 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त होना था। लेकिन, सेवानिवृत्ति से एक माह दस दिन पहले ही रिश्वत लेते कार्यालय के कनिष्ठ सहायक रामकृष्ण गुप्ता के साथ पकड़े गए। एक साथ दोनों के पकड़े जाने से तमाम चर्चाएं हो रहीं हैं। शुक्रवार को कार्यालय में हड़कंप मचा रहा। अधिकारी का चेंबर तो बंद ही रहा। महज कार्यालय ही खुला रहा। इसमें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मात्र ही नजर आए।
000000000000000