मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 28 दिसंबर बुधवार को आएंगे। वह एक घंटा 15 मिनट रुकेंगे। इस दौरान वह राजकीय इंटर कालेज में होने वाली जनसभा में एक हजार मेधावी छात्र- छात्राआें को लैपटॉप बांटेंगे।
विशेष कार्याधिकारी गंगाराम द्वारा भेजे गए कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सुबह दस बजे लखनऊ से हेलीकाप्टर से उड़ान भरेंगे। 10.55 बजे कनकुवा महोबकंठ (महोबा) में यूनिवर्सल सोलर पावर प्लांट का शुभारंभ करेंगे। 11.15 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। वहां से 12.30 बजे हेलीकाप्टर से झांसी के लिए रवाना होंगे। आर्मी एविऐशन कमांड में आने के बाद 1.10 बजे कार से राजकीय इंटर कालेज पहुंचेंगे। 1.15 बजे मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटेंगे व जनसभा को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम 2.30 बजे तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद वह 2.45 बजे फिर से हेलीपेड के लिए प्रस्थान करेंगे। वह 2.55 बजे वापस लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे।
13 दिसंबर को मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए थे कि समाजवादी पेंशन और लैपटॉप वितरण का कार्यक्रम प्रत्येक दशा में 19 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाए। इसी क्रम में 1,098 मेधावी छात्र- छात्राओं को लैपटॉप और 1,622 छात्राओं को कन्या विद्या धन का चेक बांट दिया गया था। इसके अलावा 15 दिसंबर को हमीरपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने ज्यादातर कार्यों का शिलान्यास कर दिया था। इस कारण जिले में अब ऐसी कोई योजना नहीं है, जिसका शिलान्यास किया जाना हो। हीं, प्रदेश इलेक्शन मोड में चल रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री के झांसी आने की सूचना मिलने पर तैयारियां तेज हो गई हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए आनन - फानन में लैपटॉप वितरण और समाजवादी पेंशन बांटने का कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसमें एक हजार लैपटॉप, 200 समाजवादी पेंशनर्स को पेंशन दी जाएगी, 50 पात्रों को वृद्धावस्था पेंशन, 50 विधवा पेंशन और 50 पात्रों को शादी अनुदान योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
इन मेधावियों को मिलेगा लैपटॉप
- 2015 व 16 में उप्र बोर्ड में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं163-163 कुल - 652
- 2015 व 16 में संस्कृत बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं 12-12 कुल - 48
- 2015 व 16 में उप्र मदरसा बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं 13-13 कुल- 52
- 2015 व 16 में सीबीएसई बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र- छात्राएं 46-46 कुल- 184
- 2015 व 16 में आईसीएसई बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं 16-16 कुल- 64