ललितपुर। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करना महंगा पड़ गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने राजकीय कार्यों को सुचारू बनाने के उद्देश्य से इंचार्ज प्रधानाचार्य को हटाकर उनकी जगह राजकीय हाईस्कूल निवाई के प्रधानाध्यापक को जीआईसी का अतिरिक्त प्रभार सौप दिया है।
गौरतलब है कि राजकीय इंटर कॉलेज में पिछले दिनों प्रैक्टिकल के नाम पर उगाही का मामला सुर्खियों में आया था, जिसकी जांच त्रिस्तरीय समिति कर रही है। वहीं, इस प्रकरण में फंसे इंचार्ज प्रधानाचार्य आलोक प्रकाश सिंह खुद को बेदाग बता रहे हैं। बीते दिनों कॉलेज के इंचार्ज प्रधानाचार्य हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन व मूल्यांकन कार्य की अनदेखी कर प्रवक्ता अमित शुक्ला को प्रभार सौंपकर मुख्यालय से बाहर चले गए थे, जिससे उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन का कार्य बाधित हो गया।
इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम प्रकाश सिंह ने संकलन केंद्र के उत्तरदायित्व में शिथिलता बरतने, जांच समिति के प्रति असहयोग करने, उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने व गृह परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में अनावश्यक गतिरोध उत्पन्न करने के आरोप में प्रभारी प्रधानाचार्य आलोक प्रकाश सिंह को हटाते हुए उनके स्थान पर राजकीय हाईस्कूल निवाई के प्रधानाध्यापक राजेंद्र कुमार त्रिपाठी को अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। उन्होंने नवनियुक्त प्रभारी प्रधानाचार्य को संकलन, मूल्यांकन व गृह परीक्षा सहित समस्त कार्यों को समय से पूरा कराने के आदेश दिए हैं।