मामले में शनिवार की सुबह करीब नौ बजे सीओ सिटी केशवनाथ, शहर कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उसी दौरान मृतक के घर पहुंचे व्यापारियों ने आए दिन पुलिस द्वारा व्यापारियों को परेशान करने की बात कही। सीओ सिटी ने इस तरह के मामले अधिकारियों को अवगत कराने को कहा।
----------
पिता बोले-चौकी प्रभारी, सदर चौकी में तैनात एक सिपाही एवं अन्य दो युवक पुत्र को परेशान करते थे
पिता प्रदीप कुमार कौशल ने प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली को तहरीर देकर बताया कि पुत्र शिवम कौशल के विरुद्ध फेसबुक एकाउंट पर फोटो पोस्ट करने के संबंध में मोहल्ला तालाबपुरा निवासी एक व्यक्ति ने थाने में गलत तथ्यों के आधार पर शिकायती पत्र दिया था, जो समझौते के आधार पर निस्तारित भी हो गया था और कोई मामला शेष नहीं था। सुलहनामा से चौकी प्रभारी व सदर चौकी में तैनात एक सिपाही एवं अन्य दो युवक उसके पुत्र को आए दिन झूठे तथ्यों के आधार पर गलत मुकदमे में फंसाने की धमकी देते रहते थे। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी एक लाख रुपये की मांग करता था और मना करने पर उसे व उसके पुत्र के साथ गाली-गलौज करते थे और मारपीट को आमादा रहते थे। यह आरोप भी लगाया कि उन लोगों द्वारा शिवम को मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी, जिसके कारण शिवम ने दो अक्तूबर की रात को करीब साढ़े तीन बजे खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पीड़ित पिता ने प्रभारी कोतवाली निरीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रदीप कौशल ने पत्रकारों द्वारा पूछने पर बताया कि पुलिसकर्मी उसकी दुुकान व घर आकर परेशान करता था और एक लाख रुपये की मांग करता था और कहता था कि उसे यह सभी को ऊपर तक देना पड़ता है।
मोहल्ला कटरा बाजार में जानकारी मिली कि एक युवक ने गोली मारकर आत्महत्या कर दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई शुरु कर दी। इस मामले में अलग से एक जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपने के आदेश दिए गए हैं, जो पूरे तथ्यों की जांच करेंगे और जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।