झांसी। हंसारी इलाके में देर-रात शार्ट सर्किट के चलते किराने की चार दुकानें आग की चपेट में आकर राख हो गई। अग्निकांड के चलते दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड के साथ पुलिस भी पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका।
थाना प्रेमनगर में हंसारी निवासी पवन कुमार ने घर के नीचे के हिस्से में बनी चार किराने की दुकानों को किराए पर दे रखा है। पुलिस के मुताबिक दुकान के पास में 11000 वोल्ट हाईटेंशन लाइन गई हुई है। देर रात शार्ट सर्किट होने से दुकान का एक हिस्सा चिंगारी की चपेट में आ गया। धीरे-धीरे इसने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सभी दुकानों के भीतर तेल, घी, डालडा भारी मात्रा में रखा था। थोड़ी देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा की वजह से आग तेजी से आसपास बढ़ना शुरू हो गई।
दुकान से आग की लपटें उठती देख ऊपर रह रहे मकान मालिक ने शोर मचाना शुरू किया। आसपास के लोग भी जमा हो गए। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी शिवजीत सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने भी आग बुझाने की कोशिश की लेकिन लपटों के तेज होने से सफलता नहीं मिली। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। करीब आधा घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचना शुरू हुई। पांच गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे की लंबी मशक्कत के बाद किसी तरह आग में काबू पाया जा सका। अग्निकांड की वजह से विशाल यादव, बंटी साहू, सुशील साहू एवं प्रदीप साहू की किराने की दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि इस दौरान किसी के झुलसने की कोई सूचना नहीं है। दुकानदारों ने लाखों रुपये के नुकसान होने का दावा किया है। इंस्पेक्टर प्रेमनगर रणविजय सिंह का कहना है नुकसान को लेकर कोई तहरीर नहीं मिली है।