झांसी। कोतवाली स्थित सुभाष गंज में एक युवक का शव लटका मिला। शव करीब दो दिन से कमरे में लटका हुआ था। बदबू आने के बाद पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गेट तोड़कर शव को उतारा। पुलिस ने संपर्क कर ओरछा में रहने वाले परिजनों को बुलाया।
थाना कोतवाली के सुभाषगंज स्थित पिपलेश्वर मंदिर के पास बबलू मिश्रा (28) किराए के मकान में रहता था। वह सुभाष गंज में चाय की दुकान खोले था। परिवार वाले ओरछा में रहते हैं। करीब दो दिन पहले बबलू ने कमरे को अंदर से बंद कर फांसी लगा ली। शनिवार शाम मकान के पास से बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। पहले तो पड़ोसियों ने गेट खोलने का प्रयास भी किया, लेकिन सफल न होने पर सूचना देकर कोतवाली पुलिस को बुलाया। खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस गेट तोड़कर अंदर पहुंची। जहां बबलू फांसी पर लटका मिला। पुुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। सूचना देकर ओरछा से परिजनों को बुलाया। परिजनों ने बताया कि बबलू चाय की दुकान चलाता था और लंबे समय से अकेले रह रहा था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि फांसी लगाने का कारण देर स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।