झांसी। बुधवार को थाना मोंठ के परगहना गांव में घर में एक कमरे के भीतर महिला का शव रस्सी के बने फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने फंदे से उतारकर शव को कब्जे में लिया। मायके पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जनपद जालौन के एट के ग्राम सेई निवासी राधा (20) का विवाह थाना मोंठ के परगहना गांव निवासी दीपक प्रजापति के साथ डेढ़ साल पहले हुआ था। बुधवार सुबह उसका शव घर के कमरे मेें लटका मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। खबर मिलते ही मृतका के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में गाड़ी, अंगूठी आदि की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर ससुरालियोें ने हत्या कर फांसी के फंदे पर लटका दिया। वहीं ससुरालीजनों का कहना है कि उसने खुद फांसी लगाकर जान दे दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।