झांसी। रक्सा थाना क्षेत्र के एक विद्यालय भवन में रखा हैंडपंप लगाने का सामान बीती रात गायब हो गया। ग्राम सभा के नवनिर्वाचित प्रधान ने पूर्व प्रधान पर सामान ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
रक्सा के ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह राजपूत ने थाना पुलिस को दी सूचना में बताया कि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के लिए दस बोरिंग कराई गईं हैं। इसके अलावा पुराने हैंडपंपों की मरम्मत भी की जानी है। इस कार्य के लिए सामान खरीदकर पंचायत भवन के सामने विद्यालय भवन में रखा गया था। रात में सूचना मिली कि पूर्व प्रधान अपने आठ-दस साथियों के साथ आए और हैंडपंप का सामान उठा ले गए। मौके से 30 लोहे के पाइप, 25 लोहे की रॉड, सात हैंडपंप व प्लास्टिक की पानी की टंकी गायब मिलीं। ये सारा सामान वाहनों में भरकर ले जाया गया। ग्राम प्रधान ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
वहीं, इस मामले में प्रभारी निरीक्षक रजनीश कुमार चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पड़ताल की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला चोरी का नहीं है। ग्राम सचिव को बुलाया गया है। उक्त सामान को लेकर उनसे जानकारी ली जाएगी।