संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। खेल निदेशालय के तत्वावधान मे मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में ओपन स्टेट आमंत्रण हैंडबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिए हुए मुकाबलों में अलीगढ़, गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ, मेरठ और वाराणसी की टीम ने अपनी प्रतिद्वंदी टीमों को शिकस्त दी।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन मुकाबले में अलीगढ़ ने मुरादाबाद को 14-08 से पराजित किया। अलीगढ़ की ओर से विक्रम ने चार, हर्षित ने तीन गोल किए। जबकि मुरादाबाद के अजय ने चार गोल किए।
दूसरे मैच में गोरखपुर ने झांसी की टीम को 16-10 से हराया। गोरखपुर के पवन यादव व धीरज ने छह-छह गोल किए। जबकि झांसी के मनीष राजपूत ने पांच व पंकज ने चार गोल किए। तीसरे मैच में अयोध्या ने प्रयागराज को 24-13 से पराजित किया। अयोध्या टीम से रजनीश यादव, शुभम चौहान व मोहम्मद आसिफ खान ने पांच-पांच गोल किए। प्रयागराज टीम की तरफ से साकेत मिश्रा ने सर्वाधिक पांच गोल किए।
चौथे मुकाबले में लखनऊ ने आगरा को 21-02 से पराजित किया। लखनऊ के खिलाड़ी विमल ने सर्वाधिक सात गोल किए। पांचवें मुकाबले में मेरठ ने अलीगढ़ को 28-10 से पराजित किया। मेरठ के सुमित ने सर्वाधिक 12 गोल किए। वाराणसी व अयोध्या के मध्य खेला गया छठवां मैच 16-16 की बराबरी पर रहा। सातवें मैच में अलीगढ़ ने झांसी को 11-08 से पराजित किया। आठवें मैच में गोरखपुर ने मुरादाबाद को 24-08, नौवें मुकाबले में वाराणसी ने आगरा को 27-17 से पराजित किया। प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने आभार व्यक्त किया। डॉ. रोहित पांडेय, डॉ. अनुराग श्रीवास्तव, उपक्रीड़ा अधिकारी राजेश सोनकर, सुनील कुमार, अशोक ओझा, बृजेंद्र यादव, सुषमा कुमारी मौजूद रहे।