सोमवार की रात नंदनपुरा के निकट 33 केवी हाइटेंशन लाइन का तार टूटने से एक कार में आग लग गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, बिजली जाने से तीन सब स्टेशनों से जुड़े क्षेत्रों में देर रात तक अंधेरा पसरा रहा।
हंसारी से आने वाली 33 केवी की एक लाइन से सीपरी बाजार (खालसा), सूती मिल व उन्नाव गेट पंचवटी सब स्टेशन से एक साथ जुड़े हुए हैं। सोमवार की शाम छह बजे से ओवर लोडिंग के चलते तीनों सब स्टेशनों से जुड़े क्षेत्रों की बिजली काटी जा रही थी। इसी बीच करीब साढ़े सात बजे 33 केवी का तार नंदनपुरा के निकट रामलला आश्रम के पास टूटकर गिर पड़ा। तार टूटकर नीचे खड़ी एक कार में गिरा, जिससे कार में आग लग गई। चूंकि, कार में गैस किट थी, इस कारण सिलेंडर फटने से आग तेज हो गई। घटना के बाद मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने आग बुझाने के प्रयास किए, मगर तब तक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। इधर, खबर लगने के दो घंटे बाद विद्युत कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने तार को दुरुस्त करने का काम शुरू किया, जो देर रात तक जारी था। इधर, बिजली न आने के कारण सीपरी बाजार, सूती मिल, पाल कॉलोनी, आईटीआई सिद्धेश्वर नगर, पठौरिया, उन्नाव बालाजी रोड, अंदर-बाहर उन्नाव गेट, मेवातीपुरा, अलीगोल, ग्वालटोली, अयोध्यापुरी आदि क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।