झांसी। बृहस्पतिवार की दोपहर ग्वालियर रोड रेलवे क्रॉसिंग पर एक साथ दो ट्रेनों के निकलने के चलते करीब 20 मिनट गेट बंद रहा। इसके चलते दोनों तरफ गाड़ियों की कतारें लगने से एक घंटा जाम लग गया। जाम खुलवाने में होमगार्डों के पसीने छूट गए। यहां पर ओवरब्रिज न होने से ऐसी स्थिति आए दिन बनी रहती है।
ग्वालियर रोड रेलवे क्रासिंग से सवारी व मालगाड़ियों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। जिससे क्रॉसिंग चौबीस में से करीब चौदह घंटे बंद रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को भी क्रॉसिंग पर जाम लगने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब 1 बजे दो ट्र्रेनों के निकलने के दौरान क्रॉसिंग का गेट करीब 20 मिनट बंद रहा। जिसके चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। गेट खुलते ही जल्दबाजी में गाड़ियां आमने-सामने आने से जाम लग गया। चार पहिया वाहन भी बीच में आकर फंस गए। ऐसे में ड्यूटी पर तैनात होेमगार्डों को जाम खुलवाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहां पर जाम की स्थिति प्रतिदिन की है। ओवरब्रिज न बनने से समस्या गहराती जा रही है।
ओवरब्रिज बनना जरुरी
अब यहां की समस्या विकराल रूप बनती जा रही है। ऐसे में यहां पर ओवरब्रिज बनना बहुत जरुरी है, तब जाकर ही राहत मिलेगी। - मनीष अग्रवाल, राहगीर
दिन भर होता आवागमन
ग्वालियर रोड रेलवे क्रॉसिंग के उस पर बड़ी आबादी विकसित हो गई है। दिन भर आवागमन होने के चलते ओवरब्रिज अब जरूरी है। - अनुराग अग्रवाल, राहगीर
गलत दिशा में खड़े हो जाते लोग
रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लगने का मुख्य कारण लोग भी हैं। कुछ लोग गलत दिशा में वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम लगता है। - मुस्कान, राहगीर
इंतजार में हो गया बुरा हाल
गेट खुलने के इंतजार में मेरा तो बुरा हाल हो गया। मैं भी जाम में फंसा हूं। ऐसा अकसर मेरे साथ-साथ अन्य लोगों के साथ भी होता है। - लक्ष्मीनारायण, राहगीर