samajwadi party, jhansi hindi news
- फोटो : demo
झांसी। विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन ने माधौगढ़ व महरौनी विधानसभा सीट पर सपा की जीत की गारंटी ली है। इस आशय का पत्र हाईकमान को देते हुए उन्होंने उक्त दोनों सीटों का प्रभार मांगा है। यह वह सीटें हैं, जिन पर अब तक एक बार भी सपा जीत हासिल नहीं कर पाई है। एमएलसी स्वजातीय कुर्मी वोटों के दम पर पार्टी की जीत का तानाबाना बुन रहे हैं।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी ने अपने विधान परिषद सदस्यों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। सभी एमएलसी से विधानसभा की दो-दो सीटों के नाम मांगे हैं, जिन पर उन्हें पार्टी के प्रत्याशी को जिताने की गारंटी लेनी है। हालांकि, अब तक ज्यादातर एमएलसी पार्टी हाईकमान को यह नाम नहीं दे पाए हैं, परंतु झांसी-ललितपुर-जालौन प्राधिकार क्षेत्र से एमएलसी रमा निरंजन ने जीत की गारंटी के साथ दो सीटों के नाम हाईकमान को दे दिए हैं। उन्होंने जालौन की माधौगढ़ व ललितपुर की महरौनी सीट से पार्टी प्रत्याशियों की जीत का दावा किया है।
एमएलसी का कहना है कि माधौगढ़ से सपा ने लाखन सिंह कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है।
यहां कुशवाहा समाज के साठ हजार वोट हैं। इसके अलावा कुर्मी समाज के बत्तीस हजार वोटर हैं। इसी प्रकार महरौनी से रमेश खटीक प्रत्याशी हैं। वह पिछली बार महज ढाई हजार वोटों के अंतर से हारे थे। यहां भी कुर्मी समाज के वोटों की संख्या खासी है। एमएलसी का दावा है कि इस बार कुर्मी समाज का वोट सपा को मिलेगा। इसी गणित के आधार पर उन्होंने सपा की जीत का दावा करते हुए उक्त दोनों विधानसभाओं का पार्टी से प्रभार मांगा है।