झांसी। रेल मंडल के बसई व माताटीला स्टेशन के बीच बुधवार की रात निजामुद्दीन हबीबगंज एक्सप्रेस की चेन पुलिंग होने पर जांच कर रहे गार्ड का मोबाइल पटरियों के निकट गिर गया। मोबाइल मिलने तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। इससे ट्रेन आधा घंटा लेट हो गई।
बुधवार की रात ढाई बजे 12156 निजामुद्दीन हबीबगंज एक्सप्रेस बसई से माताटीला स्टेशन की तरफ बढ़ रही थी, तभी किलोमीटर नंबर 108714 ए पर ट्रेन में सवार किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर दी। चेन पुलिंग होने पर ट्रेन मौके पर खड़ी हो गई। चेन पुलिंग के उपकरण को फ्री करने के लिए गार्ड व सहायक लोको पायलट चाबी लेकर नीचे उतर गए। गार्ड ने एस 1, एस 2 व एस 3 व डी टू कोच के उपकरण को चाबी से फ्री किया। इसी बीच गार्ड रोमेश चौबे का सीयूजी मोबाइल पटरियों के निकट कहीं गिर गया। गार्ड को जब मोबाइल गिरने का पता चला तो वह परेशान हो गए। उन्होंने मोबाइल की तलाश शुरू की। मोबाइल मिलने पर ही ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। इस मामले में आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक ललितपुर एसपी सिंह ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वहीं, इस मामले में जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चेन पुलिंग होने के कारण ट्रेन मौके पर रोकी गई थी।
तीसरी रेल लाइन का डेढ़ घंटे बाधित रहा यातायात
झांसी। बिजौली व झांसी स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन पर बुधवार की सुबह एक मालगाड़ी का इंजन खराब हो गया। इससे डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। हालांकि, इससे सवारी ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हो सका। बृहस्पतिवार की सुबह 5.15 बजे मनीकुल स्पेशल मालगाड़ी बिजौली से झांसी स्टेशन की तरफ बढ़ रही थी, किलोमीटर नंबर 1123/7 पर इंजन ने खराब हो गया। लोको पायलट ने सूचना झांसी कंट्रोल को दी। झांसी से दूसरा इंजन मौके पर भेजा गया। बाद में दूसरे इंजन की मदद से मालगाड़ी को झांसी तक लाया गया।