अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी-ललितपुर हाईवे पर सुजवाहा तिराहे के पास सेब से लदे कंटेनर को रोकने के लिए जीएसटीकर्मी ने चालक पर डंडा चला दिया। इससे चालक कंटेनर संभाल नहीं सका। कुछ दूर जाकर कंटेनर पलट गया। उसके केबिन में आग लग गई। वहां मौजूद पीआरवी कर्मियों ने केबिन का दरवाजा तोड़कर ड्राइवर एवं क्लीनर को बाहर निकाला। नाराज चालकों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका।
सोमवार शाम झांसी-शिवपुरी हाईवे पर सेब से भरा कंटेनर दिल्ली से बंगलुरू जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब साढ़े पांच बजे कंटेनर जैसे ही सुजवाहा तिराहा पहुंचा, वहां मौजूद जीएसटी टीम ने उसे रोकने की कोशिश की। कंटनेर के न रुकने पर सिपाहियों ने डंडा चला दिया। इससे चालक रामप्रकाश निवासी हाथरस कंटेनर नहीं संभाल सका। कुछ दूर जाकर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें आग लग गई। आग लगते ही जीएसटी कर्मी भाग निकले। चेकिंग प्वाइंट के पीआरवी कर्मियों ने चालक एवं खलासी को अचेत हाल में बाहर निकाला। हादसे से नाराज ट्रक चालकों ने वहां जाम लगा दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर रक्सा पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया। सीओ सदर आलोक भाटी के मुताबिक दोनों घायलों की हालत अब सामान्य है। वहीं, जीएसटी सचल दस्ता प्रभारी एके सिंह ने वहां जीएसटी टीम की मौजूदगी से इन्कार किया है।